पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में जीत के लिए बीजेपी ने अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ जारी किया। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कई लुभावने वादे किए हैं। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र बंगाल के हर तबके में व्याप्त गहरी निराशा से बाहर निकलने का एक रास्ता है। यह किसानों को कृषि संकट और विभिन्न आशंकाओं से उबारने के लिए एक नई दिशा देगा।
अमित शाह ने कहा कि यह संकल्प पत्र बेरोजगार युवाओं और भय के माहौल में जी रही महिलाओं को भी नई राह दिखाएगा। साथ ही, यह बंगाल की संस्कृति पर गर्व करने वाले हर नागरिक को नई उम्मीद और भरोसा देगा। उन्होंने कहा कि बंगाल के लिए बीते 15 साल कालरात्रि के दुःस्वप्न के समान रहे हैं। बड़ी उम्मीद के साथ जनता ने कम्युनिस्ट शासन से मुक्ति पाने के लिए ममता बनर्जी को जनादेश दिया था।
“पांच साल कम पड़े हैं” यह कहकर उन्होंने दूसरा जनादेश भी प्राप्त किया और बाद में अपने सिंडिकेट, गुंडों और घुसपैठियों के दम पर तीसरा जनादेश भी हासिल किया। जिन उम्मीदों के साथ जनता ने उन्हें सत्ता सौंपी थी, आज वही जनता भयभीत और निराश नजर आ रही है और बदलाव चाहती है।
बीजेपी के संकल्प पत्र के 15 वादे:
- राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई
- टीएमसी के 15 साल के भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करना
- सिंडिकेट गतिविधियों पर रोक, “कट मनी” संस्कृति खत्म करना
- सभी सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डीए सुनिश्चित करना, 7वें वेतन आयोग को लागू करना
- 5 साल में 1 करोड़ नई नौकरियां और स्वरोजगार के अवसर, बेरोजगार युवाओं को ₹3,000 की आर्थिक मदद
- महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए महिला पुलिस बटालियन, दुर्गा सुरक्षा स्क्वॉड और सरकारी नौकरियों में 33% आरक्षण महिलाओं को हर महीने ₹3,000 की आर्थिक सहायता
- कुरमाली और राजबंशी भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करना
अन्य वादे:
- धान, आलू और आम की खेती को बढ़ावा
- सभी मछुआरों का पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकरण, पश्चिम बंगाल को औद्योगिक और मछली निर्यात हब बनाना
- समान नागरिक संहिता लागू करने और मवेशी तस्करी रोकने के लिए सख्त कानून
- पुराने चाय बागानों का पुनरुद्धार, दार्जिलिंग चाय की ब्रांडिंग को मजबूत करना और जूट उद्योग का आधुनिकीकरण
- आयुष्मान भारत योजना लागू करना, मुफ्त HPV वैक्सीन, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग, और उत्तर बंगाल में AIIMS, IIT, IIM स्थापित करना
- वंदे मातरम संग्रहालय की स्थापना
- धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए कानून बनाना
कब होगी पश्चिम बंगाल में वोटिंग:
चुनाव आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर मतदान दो चरणों में कराया जाएगा। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोट डाले जाएंगे, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा। इसके बाद सभी वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
इस बार के चुनाव में बीजेपी जीत का परचम लहराना चाहती है, वहीं ममता बनर्जी एक बार फिर इतिहास रचने की कोशिश में हैं। ऐसे में दोनों दलों के नेता इस चुनावी संग्राम में जीत के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
Keywords: BJP Sankalp Patra West Bengal, BJP Manifesto 2026 Bengal, Amit Shah, West Bengal Election BJP Promises, Women 3000 Scheme Bengal

