दिल्ली बॉर्डर के पास गिरफ्तार किए गए लश्कर के आतंकी शब्बीर अहमद लोन ने पूछताछ के दौरान अपने नापाक मंसूबों को जाहिर किया। जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया। शब्बीर अहमद कमर्शियल जगहों और धार्मिक स्थलों की रेकी कर के उसका वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को भेजा करता था। आतंकी शब्बीर ने कालकाजी मंदिर, लोटस टेम्पल, छतरपुर मंदिर और कनॉट प्लेस का रेकी कर के वीडियो बनाया था।
बता दें कि लोन को वर्ष 2007 में दिल्ली पुलिस ने आतंकी गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार किया था। 2019 में जमानत पर रिहा होने के बाद वह देश छोड़कर बांग्लादेश भाग गया। वहां उसने कथित तौर पर एक आतंकी नेटवर्क खड़ा कर लिया, जिसके बाद वह भारतीय सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली एटीएस के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया।
कौन है शब्बीर अहमद लोन?
शब्बीर अहमद लोन जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर के कंगन क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है और उसे एक संदिग्ध आतंकी के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा पकड़े गए एक बड़े टेरर मॉड्यूल के पीछे उसे मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन प्राप्त था और इसके संबंध बांग्लादेश तक फैले हुए थे।
शब्बीर अहमद लोन के बारे में जांच एजेंसियों का कहना है कि वह पाकिस्तान में बैठे आतंकी संगठनों से जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में था और उनके निर्देशों के आधार पर गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। बताया जा रहा है कि संचार के लिए वह अलग-अलग एन्क्रिप्टेड माध्यमों का इस्तेमाल करता था और समय-समय पर अपनी पहचान भी बदलता रहता था, ताकि एजेंसियों से बच सके। हालांकि, बाद में एक खास मोबाइल नंबर के जरिए उसकी बातचीत का सुराग मिला, जिसने पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाई।
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ आतंकी ऑपरेटिव्स उसके संपर्क में आए थे, जिन्हें स्थानीय स्तर पर लॉजिस्टिक सहायता दी गई थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन्हीं संपर्कों के जरिए लोन इस नेटवर्क में शामिल हुआ और उसने बुनियादी ट्रेनिंग भी हासिल की, जिसमें हथियारों के इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी दी गई थी।
Keywords: Shabbir Ahmad Lone, Lashkar E Taiba Terrorist, Delhi Temple Reconnaissance, Terror Module Delhi Police, Pakistan Isi Link, Terror Plot India, Delhi Security Alert

