पटना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना इस्तीफा दे दिया। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद उन्होंने बिहार विधानसभा से अपना त्यागपत्र सौंपा।
बिहार विधानसभा की कार्य संचालन नियमावली के अनुसार, यदि कोई सदस्य किसी अन्य सदन के लिए निर्वाचित होता है, तो उसे 14 दिनों के भीतर अपने पद से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है।
16 मार्च को नितिन नवीन, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, शिवेश कुमार, उपेंद्र कुशवाहा और रामनाथ ठाकुर राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। ऐसे में 30 मार्च को 14 दिनों की समयसीमा पूरी हो गई, जिसके तहत इस्तीफा देना जरूरी हो गया।
इस्तीफा देने के बाद लिखा इमोशनल संदेश
नितिन नवीन ने अपने संदेश में लिखा, “बांकीपुर और बिहार के मेरे सभी परिवारजन एवं कार्यकर्ता साथियों, जनवरी 2006 में पिताजी स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने मुझे पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर दिया। 27 अप्रैल 2006 को पहली बार जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि चुनकर सामाजिक और राजनीतिक जीवन की शुरुआत का अवसर दिया।”
उन्होंने आगे लिखा, “पिछले तकरीबन 20 साल में मैंने इस क्षेत्र को एक परिवार की तरह सींचने, संवारने और विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाने का लगातार कोशिश किया। जनता के आशीर्वाद से मुझे पाँच बार सदन में उनका प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य मिला और मैंने सदन के अंदर और बाहर दोनों ही जगह अपने क्षेत्र और बिहार की आवाज उठाई।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में जब मुझे बिहार सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला, तब कई महत्वपूर्ण नीतियों और योजनाओं को लागू करने का अनुभव प्राप्त हुआ।”
अंत में उन्होंने लिखा, “आज मैं बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से अपने विधायक पद से इस्तीफा दे रहा हूं, लेकिन जनता और कार्यकर्ताओं के साथ मेरा रिश्ता हमेशा अटूट रहेगा। पार्टी द्वारा दी गई नई जिम्मेदारी के साथ मैं बिहार और अपने क्षेत्र के विकास के लिए पहले की तरह समर्पित रहूंगा और 2047 तक विकसित भारत और विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहूंगा।”
Keywords: Nitin Naveen, BJP, Bihar, Nitin Naveen MLA Resigns, Nitish Kumar, Rajya Sabha Election Bihar, Upendra Kushwaha, Ramnath Thakur, Bihar Political News

