महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कम खर्च में लंबा सफर करने के लिए लोग अक्सर लोकल ट्रेन का सहारा लेते हैं। यही वजह है कि मुंबई की लोकल ट्रेन को शहर की लाइफलाइन भी कहा जाता है। हालांकि, इस लाइफलाइन में कई ऐसे यात्री भी सफर करते हैं जो बिना टिकट यात्रा करना पसंद करते हैं और पकड़े जाने पर जुर्माना भरते हैं। हर साल रेलवे को बिना टिकट यात्रा करने वालों से करोड़ों रुपये का जुर्माना मिलता है। लेकिन इस बार हम रेलवे के एक ऐसे टिकट चेकर के बारे में बता रहे हैं, जिसने अकेले ही यात्रियों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना वसूल लिया है।
जानकारी के मुताबिक, इस टीटीई ने बिना टिकट यात्रा करने वाले 11,483 यात्रियों से 1 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला। इस संबंध में मुंबई मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की।
पोस्ट में बताया गया कि सेंट्रल रेलवे के मुंबई डिवीजन में वित्त वर्ष 2025–26 के दौरान पहली बार किसी टीटीई ने बिना टिकट यात्रा करने वालों पर 1 करोड़ रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया है। 1 अप्रैल 2025 से 14 मार्च 2026 के बीच सीटीआई मोहम्मद शम्स ने नियमित टिकट जांच के दौरान 11,483 यात्रियों को पकड़ा और उनसे कुल 1.03 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूलकर यह उपलब्धि हासिल की।
एक ही शिफ्ट में वसूले 55,210 रुपये
बता दें कि इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर Indian Tech & Infra नाम के अकाउंट से एक पोस्ट साझा की गई थी, जिसमें सुधा द्विवेदी की उपलब्धि का जिक्र किया गया था। पोस्ट के मुताबिक, उन्होंने एक ही शिफ्ट के दौरान टिकट चेकिंग करते हुए 55,210 रुपये का जुर्माना वसूला था। दावा किया गया कि एक दिन की ड्यूटी में टिकट जांच के दौरान वसूली गई यह रकम काफी ज्यादा मानी जा रही है। पोस्ट के साथ ट्रेन के अंदर की दो तस्वीरें भी साझा की गई थीं, जिनमें सुधा द्विवेदी यात्रियों के टिकट चेक करती दिखाई दे रही हैं।
Keywords: Mumbai Railway, TTE Fine, Mumbai, Central Railway, Ticket Checking, Mohammed Shams TTE Record, Mumbai Local Train

