लखनऊ: पवित्र रमजान का महीना जारी है और 13 मार्च को रमजान का आखिरी जुमा मनाया गया। देशभर में मुसलमानों में ईद को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। इसी बीच, जेल में बंद आजम खान ने मुसलमानों के लिए एक खास संदेश जारी किया है। उनके करीबी और सपा नेता युसूफ मलिक उनसे मिलने जेल गए थे। मुलाकात के बाद युसूफ मलिक ने मीडिया को बताया कि आजम खान ने अपने पैगाम के जरिए समुदाय को संदेश दिया है।
आजम खान ने ईद पर मुसलमानों से संवेदना जताने की अपील की
सपा नेता युसूफ मलिक ने बताया कि जेल में बंद आजम खान ने मुसलमानों के लिए संदेश भेजा है कि इस ईद काले कपड़े पहनें, नई चीज़ें पहनने से बचें और जोर-जोर से हंसने से परहेज करें। इसका उद्देश्य ईरान में मारे गए बच्चों के साथ संवेदना व्यक्त करना है। युसूफ मलिक और उनकी पत्नी डॉक्टर तंजीन फातिमा ने आजम खान से करीब एक घंटे तक मुलाकात की। याद रहे, आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्लाह जेल में हैं।
दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और बेटे को मिली सात साल की सजा
आजम खान 23 सितंबर 2025 को जेल से रिहा हुए थे, लेकिन बाद में दो पैन कार्ड रखने के आरोप में एमपी एमएलए कोर्ट ने उन्हें सात साल की सजा सुनाई। उनके बेटे अब्दुल्लाह आजम को भी इसी मामले में सात साल की सजा मिली। यह केस 2019 में बीजेपी नेता आकाश सक्सेना की शिकायत के बाद दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप था कि पिता-पुत्र के पास दो पैन कार्ड हैं और दोनों में उम्र अलग दर्ज है। एक समय उत्तर प्रदेश में सपा के वरिष्ठ नेता रहे आजम खान का सियासी प्रभाव काफी मजबूत था, लेकिन योगी सरकार आने के बाद उनकी सियासी स्थिति कमजोर हुई और वह कई मुकदमों के बीच जेल में सजा काट रहे हैं।
Keywords: Azam Khan Jail Message, Azam Khan Eid Appeal, Azam Khan PAN Card Case, Abdullah Azam Seven Year Sentence

