दुबई: ईरान-अमेरिका-इजरायल के बीच जारी तनाव के दौरान दुबई में एक बार फिर ड्रोन गिरने की घटना सामने आई है। दुबई मीडिया के मुताबिक, इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास दो ड्रोन गिरने से चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो घाना के नागरिक, एक बांग्लादेशी और एक भारतीय नागरिक शामिल हैं। सभी को मामूली चोटें आई हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। हालांकि एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक फिलहाल सामान्य बताया जा रहा है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये ड्रोन ईरान से आए थे या किसी अन्य कारण से गिरे। हालांकि क्षेत्र में जारी तनाव और युद्ध जैसे हालात के चलते सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। ईरानी ड्रोन और मिसाइल हमलों की आशंका को देखते हुए पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी है।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ घंटों के दौरान UAE के एयर डिफेंस सिस्टम ने कई संदिग्ध ड्रोन और मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। वहीं, दुबई एयरपोर्ट जो दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में गिना जाता है, वहां फिलहाल उड़ानों का संचालन सामान्य बना हुआ है और किसी बड़े व्यवधान की सूचना नहीं है।
UAE हमले में कई देशों के नागरिकों की मौत
सोमवार को दिए गए एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, हालिया हमलों में कुल 4 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल बताए जा रहे हैं।
117 लोग हुए घायल
इन हमलों में करीब 117 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पतालों में किया जा रहा है।
कई देशों के नागरिक घायलों में शामिल
घायलों में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल, श्रीलंका, फिलीपींस, मिस्र, सूडान, इथियोपिया, यमन, लेबनान, अफगानिस्तान, बहरीन, अजरबैजान, तुर्की, इराक, जॉर्डन, ओमान, नाइजीरिया, युगांडा, इरिट्रिया, कोमोरोस, फिलिस्तीन और यूएई के नागरिक शामिल हैं।
जांच और सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
Keywords: Dubai Airport Drone Attack, Indian Injured In Dubai Drone Attack, Drone Crash Near Dubai Airport

