Prince Andrew Arrest: एपस्टीन फाइल्स के खुलासे के बाद दुनियाभर में हलचल मच गई है, और ब्रिटेन के शाही परिवार पर भी सवाल उठने लगे हैं। इन फाइल्स में किंग चार्ल्स के छोटे भाई प्रिंस एंड्रयू का नाम भी सामने आया था, जिससे विवाद हुआ। अब यूके पुलिस ने एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को जेफरी एपस्टीन के साथ उनके संबंधों के कारण कदाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
एंड्रयू को उनके जन्मदिन पर किया गया गिरफ्तार
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अब एपस्टीन फाइल्स में एंड्रयू के खिलाफ उठे आरोपों की जांच कर रही है। इनमें यह आरोप भी है कि जब एंड्रयू ब्रिटेन के व्यापार दूत थे, तब उन्होंने संवेदनशील जानकारी लीक की। 19 फरवरी को सुबह 8 बजे छह पुलिस कारों और अधिकारियों ने सैंड्रिंघम एस्टेट स्थित एंड्रयू के घर पर छापा मारा और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह है कि यह दिन एंड्रयू का जन्मदिन भी था।
टेम्स वैली पुलिस ने दी गिरफ्तारी की जानकारी
टेम्स वैली पुलिस ने इस घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, “गुरुवार को नॉरफॉक से 60 वर्षीय एक व्यक्ति को सार्वजनिक कार्यालय में कदाचार के संदेह में गिरफ्तार किया गया। साथ ही बर्कशायर और नॉरफ़ॉक में उनके पते पर छापेमारी की जा रही है। यह व्यक्ति फिलहाल पुलिस हिरासत में है।” हालांकि, एंड्रयू माउंटबेटन ने किसी भी गलत काम में शामिल होने से लगातार इनकार किया है।
“कोई भी कानून से ऊपर नहीं है”
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, एंड्रयू माउंटबेटन की गिरफ्तारी से पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से पूछा गया था कि क्या एंड्रयू को पुलिस से स्वेच्छा से बात करनी चाहिए। इस पर स्टार्मर ने कहा, “यह पुलिस का मामला है, और वे अपनी जांच करेंगे। लेकिन हमारे सिस्टम का मूल सिद्धांत यह है कि कानून के तहत सभी समान हैं और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।”
Keywords: Prince Andrew Arrest, Epstein Files UK Investigation, Prince Andrew Charges, Keir Starmer Statement On Law

