पाकिस्तान की हालत कितनी खराब है, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि देश के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों को विदेश में बर्तन तक मांजने पड़ते हैं। इस बात का खुलासा खुद पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने किया है। दरअसल, पाकिस्तान हॉकी टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई थी। वहां से लौटने के बाद टीम के कप्तान शकील अहमद बट (Shakeel Ahmad Butt) पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन (PHF) से काफी नाराज नजर आए। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि हॉकी खेलने गए खिलाड़ियों को वहां बर्तन तक साफ करने पड़े। ऐसे में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।
टीम के कप्तान शकील अहमद बट के इस बयान के बाद बवाल मच गया है। सिडनी हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पाकिस्तान हॉकी टीम को 13 से 14 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि कैनबरा की फ्लाइट पकड़ने से पहले PHF ने न तो खिलाड़ियों और अधिकारियों के ठहरने की व्यवस्था की थी और न ही खाने-पीने का इंतजाम किया था। इसकी वजह से पाकिस्तान की किरकिरी हो रही है।
13 दिनों का मैच, 10 दिन की थी बुकिंग
पाकिस्तान हॉकी टीम के लिए Airbnb आवास सिर्फ 10 दिनों के लिए बुक किया गया था, जबकि उन्हें 13 दिनों तक मैच खेलना था। ऐसे में 10 दिन बाद खिलाड़ियों को होटल छोड़कर सस्ती जगह पर रुकना पड़ा। इसके अलावा कप्तान ने कहा कि फेडरेशन उनसे हकीकत छिपाती रही और धमकी भी दी गई कि अगर मीडिया से कुछ कहा गया तो आधिकारिक कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तान के पीएम ने दिया जांच का आदेश
पाकिस्तानी खिलाड़ियों की आपबीती सामने आने के बाद पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने अपनी सफाई पेश की। बोर्ड का कहना है कि पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन को होटल व्यवस्था के लिए 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपये दिए गए थे। पीएसबी ने इसकी रिपोर्ट प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को सौंपने की बात कही है। वहीं प्रधानमंत्री ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
Keywords: Pakistan Hockey Team, Pakistan Hockey Federation, Shakeel Ahmad Butt, Pakistan Hockey Australia Tour

