टीम इंडिया ने दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हुए टी20 वर्ल्ड कप के 18वें मैच में नामीबिया को 93 रनों से हराया। यह टूर्नामेंट में टीम इंडिया की लगातार दूसरी जीत थी। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने एक नया इतिहास रचते हुए टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे तेज टीम शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। भारत ने सिर्फ 6.5 ओवर में 100 रन पूरे किए, जो वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज टीम शतक था।
भारतीय टीम ने 41 गेंदों में 100 रन जड़ रचा इतिहास
इस मैच में भारतीय टीम ने महज 41 गेंदों में 100 रन पूरे कर एक नया इतिहास रच दिया। इस शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने नीदरलैंड्स का 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, जब 2014 में नीदरलैंड्स ने आयरलैंड के खिलाफ 42 गेंदों में 100 रन बनाए थे। भारत का यह कीर्तिमान खासतौर पर विस्फोटक ओपनिंग बल्लेबाज ईशान किशन की शानदार पारी की बदौलत संभव हो पाया। इस मैच में नामीबिया ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया।
ईशान किशन और संजू सैमसन ने खेली शानदार शुरुआती पारी
ईशान किशन और संजू सैमसन ने भारत को इस मैच में तेज शुरुआत दिलाई। सैमसन 8 गेंदों पर 22 रन बनाकर आउट हो गए, जिसमें उन्होंने तीन शानदार छक्के लगाए। वहीं, ईशान किशन ने 24 गेंदों पर 61 रन की जोरदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह तीसरे भारतीय बल्लेबाज हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले के भीतर अर्धशतक जमाया। इससे पहले यह उपलब्धि रोहित शर्मा और केएल राहुल भी हासिल कर चुके हैं।
टीम इंडिया का रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पावरप्ले
भारत ने नामीबिया के खिलाफ इस मैच में पावरप्ले के दौरान 86 रन बनाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में भारत का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। साथ ही, यह इस टूर्नामेंट में किसी भी टीम द्वारा हासिल किया गया सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर भी बन गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवरों में 209 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन ही बना सकी, और भारत ने 93 रन से मैच जीतकर शानदार जीत दर्ज की।
Keywords: India T20 World Cup Record, Ishan Kishan Fastest Fifty, T20 World Cup Fastest Team Century, India Vs Namibia T20 Match Result

