जिला परिषद जीत पर महाराष्ट्र BJP चीफ की प्रतिक्रिया, CM फडणवीस के प्रयासों की सराहना
महाराष्ट्र बीजेपी चीफ रविंद्र चव्हाण ने जिला परिषद चुनाव में पार्टी की जीत पर जनता का आभार जताया है। जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अथक प्रयासों का प्रमाण है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि जनता का भरोसा बीजेपी के साथ है और पार्टी को आगे भी इसी तरह का समर्थन मिलता रहेगा।
रायगढ़ जिला परिषद की थल सीट पर शिवसेना की जीत
रायगढ़ जिला परिषद चुनाव में थल सीट से शिवसेना को जीत मिली है। इस सीट पर शिवसेना उम्मीदवार मानसी महेंद्र दलवी ने जीत दर्ज की है।
वहीं सिंधुदुर्ग जिला परिषद की कोलगांव सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार मायकल डिझोजा ने बाज़ी मारी है और उन्हें विजयी घोषित किया गया है।
जिला परिषद चुनाव रुझान: पहले तीन स्थानों पर महायुति के दल
महाराष्ट्र जिला परिषद सदस्य चुनाव के ताज़ा रुझानों के मुताबिक कुल 731 सीटों में से 588 सीटों के रुझान सामने आ चुके हैं। इन रुझानों में भारतीय जनता पार्टी 208 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिवसेना (शिंदे गुट) 120 और अजित पवार गुट की एनसीपी 126 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
वहीं कांग्रेस 46 सीटों पर, शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट 38 सीटों पर और एनसीपी शरद पवार गुट 19 सीटों पर आगे है। रुझानों में महायुति की तीनों पार्टियों ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान कब्जे में रखा है। मतगणना जारी है और आगे के रुझानों से चुनावी तस्वीर और साफ़ होगी।
रत्नागिरी जिला परिषद: शिंदे सेना 26 सीटों पर आगे
रत्नागिरी जिला परिषद चुनाव के रुझानों में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना को बड़ी बढ़त मिली है। कुल 56 सीटों में से शिंदे गुट 26 सीटों पर आगे चल रहा है, जिससे वह जिले की अन्य पार्टियों से काफी आगे है।
शिवसेना UBT 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी 2 सीटों पर आगे है। बीजेपी 1 सीट पर, वहीं कांग्रेस और शरद पवार गुट की एनसीपी अभी तक खाता नहीं खोल पाई है। अन्य पार्टियों और निर्दलीय उम्मीदवार 2 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना जारी है और तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होती जा रही है।
कोल्हापुर जिला परिषद में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी, कांटे की टक्कर
कोल्हापुर जिला परिषद चुनाव के ताज़ा रुझानों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कुल 68 सीटों में से कांग्रेस 13 सीटों पर आगे चल रही है। भाजपा और अजित पवार गुट की एनसीपी 10–10 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि शिवसेना यूबीटी 2 सीटों पर आगे है। शरद पवार गुट की एनसीपी अब तक खाता खोलने में असफल रही है। वहीं अन्य पार्टियां और निर्दलीय उम्मीदवार 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मतगणना जारी है और तस्वीर लगातार बदल रही है।
12 में से 11 जिला परिषदों पर महायुति आगे, शुरुआती रुझानों में बढ़त
महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के शुरुआती रुझानों में महायुति ने बढ़त बना ली है। अब तक मिले आंकड़ों के अनुसार 12 जिला परिषदों में से 11 पर महायुति आगे चल रही है, जबकि 1 जिला परिषद में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है।
जिला परिषदों के रुझानों की बात करें तो बीजेपी 7 जिला परिषदों में आगे है, शिंदे गुट की शिवसेना 2 और अजित पवार गुट की एनसीपी 2 जिला परिषदों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस 1 जिला परिषद में आगे चल रही है। मतगणना जारी है और आगे की तस्वीर जल्द और स्पष्ट होगी।
कोल्हापुर जिला परिषद में कांग्रेस आगे, रुझानों में बढ़त
कोल्हापुर जिला परिषद की कुल 68 सीटों के लिए जारी मतगणना में कांग्रेस बढ़त बनाए हुए है। अब तक मिले रुझानों के अनुसार कांग्रेस 10 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं एनसीपी 8 सीटों पर, बीजेपी 6 सीटों पर और शिवसेना (शिंदे गुट) 5 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
अन्य दलों की बात करें तो जनसुराज्य 3 सीटों पर आगे है, जबकि स्वाभिमानी शेतकारी संगठन 1 सीट पर आगे चल रहा है। मतगणना जारी है और आगे के रुझानों के साथ तस्वीर और साफ़ होने की उम्मीद है।
पंचायत समिति चुनाव: 25 सीटों पर बीजेपी आगे, महायुति मजबूत स्थिति में
125 पंचायत समिति चुनावों में महायुति का प्रदर्शन मजबूत बताया जा रहा है। अब तक मिले रुझानों के अनुसार बीजेपी 25 पंचायत समितियों में बढ़त बनाए हुए है। शिंदे गुट की शिवसेना 15 और अजित पवार गुट (एनसीपी) 18 पंचायत समितियों में आगे चल रही है।
वहीं महाविकास आघाड़ी की स्थिति की बात करें तो कांग्रेस 10 पंचायत समितियों में आगे है, शरद पवार गुट की एनसीपी भी 10 स्थानों पर बढ़त बनाए हुए है। यूबीटी शिवसेना 5 जगहों पर आगे चल रही है, जबकि अन्य दल 1 स्थान पर आगे हैं। कई जगहों पर मुकाबला कांटे का बना हुआ है। मतगणना आगे बढ़ने के साथ तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
सोलापुर में शिंदे सेना की जीत से खुला खाता
सोलापुर में शिवसेना शिंदे गुट ने अपना खाता खोल लिया है। शिवसेना के दादासाहेब लवटे सांगोला तालुका के महूद गुट से विजयी हुए हैं। वहीं शिंदे सेना के एक जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति के दो सदस्य सिल्लोड तालुका के अजंता क्षेत्र से जीत दर्ज कर चुके हैं।
Maharashtra Zilla Parishad Panchayat Elections Results: महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के तहत आज 731 जिला परिषद सीटों और 1,462 पंचायत समिति सीटों के लिए मतगणना की जाएगी। वोटों की गिनती सुबह 10 बजे से शुरू होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस बार हुए मतदान में करीब 67 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी, ऐसे में चुनाव नतीजों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। जिला परिषद चुनावों में कुल 2,624 उम्मीदवार, जबकि पंचायत समिति सीटों के लिए 4,814 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं।
इन चुनावों को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों धड़ों के संभावित एकीकरण की चर्चाओं के चलते भी बेहद अहम माना जा रहा है। बीते दो वर्षों की आपसी प्रतिद्वंद्विता को दरकिनार करते हुए दोनों गुटों ने पुणे, सातारा, सोलापुर और सांगली में स्थानीय निकाय चुनाव अनौपचारिक गठबंधन के तहत लड़े हैं। इन सभी क्षेत्रों में दोनों पक्षों के उम्मीदवार मूल ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। जिला परिषद की 731 सीटों में से 369 सीटें महिलाओं, 83 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।
गौरतलब है कि डिप्टी सीएम अजित पवार के निधन के कारण जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की तारीख में बदलाव किया गया था। पहले ये चुनाव 5 फरवरी को होने वाले थे, लेकिन उनके निधन के बाद राज्य सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया, जिसके चलते मतदान कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ा। उल्लेखनीय है कि 28 जनवरी को बारामती में हुए एक विमान हादसे में अजित पवार का निधन हो गया था, जिसके बाद प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया स्थगित करने का निर्णय लिया था।
Keywords: Maharashtra Zilla Parishad Election Results, Panchayat Samiti Election Results, Maharashtra Local Body Elections

