टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दसवां संस्करण शनिवार से शुरू हुआ, जिसमें कुल तीन मैच खेले गए। तीसरे मैच में भारत और यूएसए के बीच मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ। भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर रहा, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 84 रन बनाकर टीम को 161 रनों तक पहुंचाया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और यूएसए की टीम 132 रन पर ही सिमट गई। इस जीत के साथ भारत ने 29 रनों से मैच अपने नाम किया।
यूएसए ने जीता टॉस, गेंदबाजी का लिया फैसला
यूएसए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत के टॉप ऑर्डर से उम्मीद थी कि वे यूएसए के खिलाफ तेज शुरुआत करेंगे, लेकिन बल्लेबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अभिषेक शर्मा गोल्डन डक पर आउट हुए, जबकि ईशान किशन ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए और पवेलियन लौट गए। तिलक वर्मा ने 25 रन बनाए, फिर शिवम दुबे पहली गेंद पर आउट हो गए। रिंकू सिंह को जल्दी बल्लेबाजी के लिए आना पड़ा, लेकिन वो 14 गेंदों में सिर्फ 6 रन बना पाए। इसके बाद हार्दिक पांड्या भी 5 रन बनाकर आउट हो गए। 77 पर 6 विकेट गिरने के बाद भारत मुश्किल में था, लेकिन फिर कप्तान सूर्यकुमार यादव की शानदार पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन ने टीम को 29 रन से जीत दिलाई।
सूर्यकुमार यादव की पारी ने बदला मैच का रुख
यूएसए ने भारत के सभी बल्लेबाजों को सस्ते में पवेलियन भेज दिया, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 171 की शानदार स्ट्राइक रेट से 49 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 10 चौके शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारत को 161 रन तक पहुंचने में मदद की, क्योंकि बाकी बल्लेबाजों के प्रदर्शन को देखते हुए 100 रन बनाना भी मुश्किल लग रहा था।
मोहम्मद सिराज की शानदार गेंदबाजी
मोहम्मद सिराज, जो हर्षित राणा के रिप्लेसमेंट के तौर पर एक दिन पहले ही टीम में शामिल हुए थे, ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने पॉवरप्ले के दौरान दोनों यूएसए ओपनर्स को जल्दी पवेलियन भेज दिया। दूसरे ओवर में सिराज ने एंड्रीस गूस (6) को और चौथे ओवर में सैतेजा मुक्कमल्ला (2) को आउट किया। सिराज ने मैच में कुल 3 विकेट झटके और अपने 4 ओवरों में केवल 29 रन दिए।
अक्षर पटेल की अहम भूमिका
उपकप्तान अक्षर पटेल ने इस जीत में अहम भूमिका निभाई। जब भारत ने 77 रन पर 6 विकेट खो दिए थे, तब सूर्या एक छोर पर जमे हुए थे, लेकिन अक्षर ने दूसरे छोर पर संयम दिखाते हुए पारी को संभाला। उन्होंने सूर्या के साथ सातवें विकेट के लिए 41 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। अक्षर ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया, उन्होंने लगातार दो गेंदों में दो विकेट लेकर यूएसए की जीत की सभी उम्मीदें तोड़ दीं। पटेल ने अपने 4 ओवरों में सिर्फ 24 रन खर्च किए।
Keywords: T20 World Cup 2026, India Vs USA, Suryakumar Yadav, Mohammed Siraj

