अमेरिकी अखबार वाशिंगटन पोस्ट ने बड़े पैमाने पर छंटनी करते हुए अपने करीब एक तिहाई कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया है। इस छंटनी में वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय पत्रकार ईशान थरूर भी शामिल हैं, जो कांग्रेस सांसद शशि थरूर के बेटे हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वाशिंगटन पोस्ट में कार्यरत लगभग 800 पत्रकारों में से 300 से अधिक को नौकरी से निकाल दिया गया है। इस फैसले की जानकारी खुद ईशान थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की।
ईशान थरूर ने लिखा, “आज मुझे @washingtonpost से नौकरी से हटा दिया गया है। मेरे साथ इंटरनेशनल डेस्क के ज़्यादातर साथी और कई बेहतरीन सहकर्मी भी प्रभावित हुए हैं। यह हमारे न्यूज़रूम के लिए बेहद दुखद क्षण है, खास तौर पर उन उत्कृष्ट पत्रकारों के लिए जिन्होंने वॉशिंगटन पोस्ट की अंतरराष्ट्रीय कवरेज को मजबूती दी। वे संपादक और संवाददाता, जो पिछले लगभग 12 वर्षों से मेरे दोस्त और सहयोगी रहे हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए सम्मान की बात रही है।”
उन्होंने आगे लिखा कि उन्होंने जनवरी 2017 में WorldView कॉलम की शुरुआत पाठकों को दुनिया और उसमें अमेरिका की भूमिका को बेहतर ढंग से समझाने के उद्देश्य से की थी। वर्षों तक सप्ताह में कई बार इस कॉलम को पढ़ने वाले करीब पांच लाख वफादार सब्सक्राइबर्स के प्रति उन्होंने आभार जताया।
इस फैसले पर अखबार के कार्यकारी संपादक मैट मरे ने कहा कि यह निर्णय भावनात्मक रूप से कठिन जरूर है, लेकिन भविष्य को देखते हुए आवश्यक था। उनके अनुसार, वॉशिंगटन पोस्ट को दीर्घकालिक रूप से मजबूत बनाने और बदलती तकनीक व पाठकों की आदतों के अनुरूप खुद को ढालने के लिए यह कदम उठाया गया है। गौरतलब है कि वॉशिंगटन पोस्ट के मालिक अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस हैं, जिन्होंने वर्ष 2013 में ग्राहम परिवार से यह प्रतिष्ठित अखबार करीब 25 करोड़ डॉलर में खरीदा था।
Keywords: Ishaan Tharoor, Shashi Tharoor Son, Washington Post Layoffs, Washington Post News, Ishaan Tharoor Job Loss

