चंडीगढ़ नगर निगम के लिए गुरुवार सुबह 11 बजे मेयर चुनाव की वोटिंग हुई, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने जीत दर्ज की। भाजपा के उम्मीदवार सौरभ जोशी ने कांग्रेस के प्रत्याशी गुरप्रीत सिंह गब्बी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार योगेश ढींगरा को हराकर बाजी मार ली। चुनाव में भाजपा को कुल 18 वोट मिले, जबकि आम आदमी पार्टी को 11 वोट प्राप्त हुए। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 7 वोटों से संतोष करना पड़ा। अब सीनियर मेयर और डिप्टी मेयर के पदों के लिए मतदान होना है।
नगर निगम में मेयर चुनाव की प्रक्रिया तय समय पर शुरू हुई। इस बार मतदान बैलेट पेपर के बजाय खुले तौर पर हाथ उठाकर कराया गया। सबसे पहले कांग्रेस के पार्षदों ने मतदान किया, जहां पार्टी के छह पार्षदों और सांसद मनीष तिवारी ने अपने प्रत्याशी के समर्थन में हाथ उठाया। हालांकि आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को समर्थन नहीं दिया, जिससे भाजपा प्रत्याशी सौरभ जोशी को स्पष्ट बढ़त मिल गई।
भाजपा के सभी 18 पार्षदों ने एकजुट होकर सौरभ जोशी के पक्ष में मतदान किया। वहीं आम आदमी पार्टी के 11 पार्षदों ने अपने उम्मीदवार के समर्थन में वोट डाले। मतदान के बाद कांग्रेस के सभी पार्षद सदन से बाहर चले गए, क्योंकि उन्हें पहले ही हार का अंदाजा हो चुका था।
Keywords: Chandigarh Mayor Election 2026, Chandigarh Mayor Election Result, BJP Chandigarh Mayor, Saurabh Joshi Mayor

