MI vs RCB: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के 16वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मुकाबला मुंबई इंडियंस से हुआ, जो वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में भले ही हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने जीत हासिल की, लेकिन दिल जीत लिया रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने। अपनी शानदार बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि क्यों उन्हें ‘लेडी धोनी’ के नाम से जाना जाता है।
जब ऋचा घोष बल्लेबाजी के लिए आईं, तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम मुश्किल में थी। 200 रनों का लक्ष्य हासिल करने की कोशिश में RCB ने सिर्फ 35 रन पर 5 विकेट खो दिए थे। स्थिति टीम के पक्ष में नहीं दिख रही थी, लेकिन ऋचा ने हार नहीं मानी। एक वक्त तो ऐसा आया कि मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी भी घबराए हुए थे। स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ने अकेले ही मोर्चा संभालते हुए 50 गेंदों पर 90 रनों की दमदार पारी खेली और मैच में जान डाल दी।
ऋचा की शानदार 90 रनों की पारी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अन्य बल्लेबाज जहां रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे, वहीं ऋचा घोष ने अकेले ही मुश्किल हालात में अपनी टीम के लिए शानदार 90 रनों की पारी खेली। अगर उन्हें थोड़ी और साझेदारी मिल जाती, तो मैच का परिणाम कुछ और हो सकता था। 180 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए ऋचा ने 10 चौके और 6 शानदार छक्के लगाए। हालांकि, उनकी इस शानदार पारी के बावजूद टीम को हार का सामना करना पड़ा, और लगातार पांच जीत के बाद अब स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली टीम दो मैचों में हार चुकी है।
मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की रेस में टीकी
मुंबई इंडियंस के लिए यह मैच बहुत महत्वपूर्ण था, क्योंकि प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए हरमनप्रीत कौर की टीम को जीत की जरूरत थी, और उन्होंने इसे हासिल कर दिखाया। इंग्लैंड की स्टार ऑलराउंडर नैट साइवर-ब्रंट ने शानदार शतक जमाकर इतिहास रच दिया, वो WPL में शतक लगाने वाली पहली खिलाड़ी बनीं। मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में, RCB ने 20 ओवरों में 184 रन बनाए, और मुंबई इंडियंस ने 15 रनों से जीत हासिल करते हुए सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की।
पॉइंट्स टेबल क्या कहता है
WPL 2026 के पॉइंट्स टेबल में मुंबई इंडियंस ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मिली जीत के बाद 7 मैचों में 3 जीत और 4 हार के साथ 6 अंक जुटाए हैं, और वे अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। हालांकि, लगातार दो हार के बावजूद RCB 10 अंकों के साथ पहले नंबर पर बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स के भी 6 अंक हैं, लेकिन नेट रनरेट में मुंबई इंडियंस के आगे होने के कारण दिल्ली तीसरे स्थान पर है।
Keywords: Richa Ghosh, WPL 2026, RCB Vs MI Women, Nat Sciver-Brunt Century, Women’S Premier League

