मुंबई के मुंब्रा इलाके से असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM की पार्षद सहर शेख का एक बयान इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस बयान के बाद एक नया विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल, मुंब्रा में एक सभा को संबोधित करते हुए सहर शेख ने कहा था कि “मुंब्रा को हरा कर देंगे।” इस बयान के बाद बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके चलते मामला सियासी रंग लेने लगा।
विवाद बढ़ने के बाद सहर शेख खुद पुलिस स्टेशन पहुंचीं और लिखित रूप में माफी मांगी। अपने माफीनामे में उन्होंने कहा कि यदि उनके बयान से किसी भी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो इसके लिए वह खेद व्यक्त करती हैं और माफी मांगती हैं।
जीत के बाद दिया था बयान
बीएमसी चुनाव में मुंब्रा सीट से जीत दर्ज करने के बाद AIMIM की पार्षद सहर शेख ने एक जनसभा को संबोधित किया था। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि आने वाले पांच वर्षों में पूरे मुंब्रा को हरे रंग में रंग दिया जाएगा। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया।
किरीट सोमैया ने दर्ज कराई शिकायत
सहर शेख के बयान को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान भड़काऊ है और इससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है। सोमैया ने मांग की कि सहर शेख को इसके लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए और ऐसा न करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
AIMIM ने किया बचाव
इस पूरे मामले में AIMIM भी सहर शेख के बचाव में सामने आई है। पार्टी नेता वारिस पठान ने कहा कि सहर शेख के बयान को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है। उनके मुताबिक, सहर शेख का इशारा पार्टी के संगठनात्मक विस्तार की ओर था। AIMIM का झंडा और पहचान हरे रंग से जुड़ी है, इसी वजह से उन्होंने ‘हरा रंग’ शब्द का इस्तेमाल किया। वारिस पठान ने कहा कि इस बयान को सांप्रदायिक नजरिए से देखने के बजाय राजनीतिक संदर्भ में समझा जाना चाहिए।
Keywords: AIMIM, Sahar Shaikh, Sahar Shaikh Apology, Mumbra Green Statement Controversy, AIMIM Councillor News, Kirit Somaiya

