बांग्लादेश: भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट को लेकर जो तकरार बढ़ी है, उसकी शुरुआत IPL की एक घटना से हुई थी। जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान IPL से बाहर हुए, तो बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने सख्त रवैया अपना लिया। इसके बाद बीसीबी ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से मांग कर डाली कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मैच भारत के बाहर कराए जाएं। शुरुआत में बीसीबी ने पाकिस्तान की तरह अपने मैच श्रीलंका में करवाने की बात कही थी, लेकिन ICC ने तुरंत हामी नहीं भरी। ICC ने बांग्लादेश से कहा कि वो इस पर दोबारा सोचें। साफ था कि भारत के बाहर मैच करवाना इतना आसान नहीं है।
ग्रुप बदलवाने की कोशिश में BCB
जब बीसीबी को लगा कि मैचों का वेन्यू बदलवाना मुश्किल है, तो उन्होंने नई चाल चली। बोर्ड ने ICC से कहा कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बांग्लादेश का ग्रुप बदल दें। फिलहाल बांग्लादेश ग्रुप C में है, जहां उसे इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और नेपाल के खिलाफ कोलकाता और मुंबई में खेलना है। बीसीबी चाहता है कि उसे ग्रुप B में डाल दिया जाए, आयरलैंड की जगह। इससे बांग्लादेश के मैच श्रीलंका के कोलंबो और पल्लेकेले में हो सकते हैं। ग्रुप B में पहले से श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, ओमान और जिम्बाब्वे हैं। बीसीबी का कहना है कि इससे उनकी सुरक्षा की चिंता दूर हो सकती है।
सुरक्षा पर ICC की पहल
इस पूरे विवाद के बीच ICC ने मामला संभालने के लिए अपनी दो सदस्यीय टीम ढाका भेज दी। इस टीम में ICC के इवेंट और कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस के हेड गौरव सक्सेना और इंटीग्रिटी यूनिट के हेड एंड्रयू एफग्रेव थे। इनका मकसद था बीसीबी को भरोसा दिलाना कि भारत में बांग्लादेश टीम की सुरक्षा पक्की है। हालांकि गौरव सक्सेना को वीजा नहीं मिला, तो वो मीटिंग में ऑनलाइन जुड़े। मीटिंग के बाद बीसीबी ने बयान जारी कर कहा कि उन्होंने बांग्लादेश सरकार, टीम, मीडिया और फैंस की सुरक्षा से जुड़ी सारी चिंताएं ICC के सामने रख दी हैं।
ICC के लिए BCB की मांग मानना इतना आसान नहीं
सूत्रों की मानें तो ICC बांग्लादेश की नई मांग भी मानने के मूड में नहीं है। अगर एक टीम का ग्रुप बदला, तो पूरे टूर्नामेंट का शेड्यूल, वेन्यू प्लानिंग, ब्रॉडकास्ट और टिकटिंग सब गड़बड़ हो जाएगा। ऊपर से, दूसरी टीमें भी आगे इसी तरह की डिमांड कर सकती हैं। ICC का कहना है कि भारत में सुरक्षा के सारे इंतजाम इंटरनेशनल लेवल के हैं और यहां पहले भी बड़े टूर्नामेंट ठीक-ठाक हुए हैं। ऐसे में बीसीबी की डिमांड पर अमल करना मुश्किल लगता है। अब देखना है कि आगे क्या होता है, क्या बांग्लादेश अपने स्टैंड पर कायम रहता है या फिर उसे झुकना पड़ेगा?
Keywords: Bangladesh Cricket Board, ICC, T20 World Cup 2026, India Bangladesh Cricket Dispute, Group Change Request

