नई दिल्ली: पूरी दुनिया ने देखा कि आतंकवाद की कमर तोड़ने के लिए भारत ने किस तरह ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। इस ऑपरेशन से न सिर्फ पाकिस्तानी सेना, बल्कि उनकी पनाह में पल रहे आतंकी भी थर्रा उठे। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकियों के ठिकानों को तबाह किया और कई आतंकियों को मार गिराया। इसके बाद पाकिस्तान में छिपे आतंकी बौखलाए हुए हैं और नई साजिशें रच रहे हैं। हालांकि, भारतीय सेना ने एक बार फिर चेतावनी देते हुए साफ किया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है।
दरअसल, भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऑपरेशन सिंदूर को बंद नहीं किया गया है और यदि पाकिस्तान की ओर से कोई भी गलती की गई, तो उसे फिर से करारा जवाब दिया जाएगा।
8 आतंकी कैंप अब भी सक्रिय
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी कैंपों की जानकारी देते हुए बताया कि आतंकियों के कुल आठ कैंप अभी भी चल रहे हैं। इनमें से दो कैंप इंटरनेशनल बॉर्डर पर, जबकि छह आतंकी कैंप एलओसी के पास मौजूद हैं। यह जानकारी पाकिस्तान के लिए एक स्पष्ट संदेश है कि उसकी हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर भारतीय सेना की पैनी नजर बनी हुई है।
क्यों शुरू किया गया ऑपरेशन सिंदूर
- अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले में 26 निर्दोषों की मौत
- हमले के बाद उच्च स्तर पर निर्णायक कार्रवाई का फैसला
- 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत
- आतंकियों के ठिकानों पर सटीक और लक्षित हमले
- पहले 22 मिनट में अहम कार्रवाई
- 10 मई तक कुल 88 घंटे चला ऑपरेशन
- आतंक के ढांचे को गहराई तक नुकसान
- 9 में से 7 आतंकी ठिकाने पूरी तरह तबाह
परमाणु मुद्दे पर कोई बातचीत नहीं
सेना प्रमुख ने स्पष्ट किया कि डीजीएमओ स्तर की बातचीत के दौरान परमाणु हथियारों से जुड़ा कोई भी मुद्दा नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि परमाणु हथियारों को लेकर जो भी बयान सामने आए हैं, वे राजनेताओं या सार्वजनिक मंचों से दिए गए हैं। सेना की ओर से ऐसा कोई संदेश या संकेत नहीं दिया गया।
Keywords: Indian Army Chief, Pakistan Warning, Operation Sindoor, 8 Terror Camps Active, General Upendra Dwivedi

