उत्तर प्रदेश के मेरठ में बीजेपी नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस सतर्क हो गई है। यह धमकी उनके सरकारी नंबर पर भेजी गई थी। मिली जानकारी के अनुसार, धमकी बंगाली भाषा में थी और इसमें उन्हें बम से उड़ाने की बात कही गई थी। यह धमकी उस वक्त मिली, जब संगीत सोम ने आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में बांग्लादेशी खिलाड़ी को हटाने के लिए बयान दिया था। उनके साथी ने शाहरुख खान के खिलाफ भी टिप्पणी की थी, जिसके बाद यह धमकी सामने आई। इसके अलावा, एक टीवी न्यूज़ चैनल के दफ्तर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। देश के कई नेताओं और कथावाचकों ने बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को KKR से बाहर करने की बात कही थी और इसी क्रम में शाहरुख खान पर भी टिप्पणी हुई थी।
मेरठ पुलिस ने किया मामला दर्ज
संगीत सोम की शिकायत के बाद मेरठ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, उस नंबर की जांच की जा रही है जिसके माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मामले की जांच साइबर क्राइम और तकनीकी एजेंसियां कर रही हैं। प्रारंभिक जांच में यह संकेत भी मिल रहे हैं कि मैसेज के तार पश्चिम बंगाल से जुड़े हो सकते हैं। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन उनका कहना है कि मामले को जल्द सुलझा लिया जाएगा। गौरतलब है कि बीजेपी नेता संगीत सोम अक्सर अपने तेजतर्रार बयानों के कारण सुर्ख़ियों में रहते हैं।
Keywords: Sangeet Som Bomb Threat, BJP, Sangeet Som, Meerut News

