मशहूर सितार वादक रवि शंकर की बेटी अनुष्का शंकर (Anoushka Shankar) ने एयर इंडिया पर कड़ा गुस्सा जताया है। अनुष्का की नाराज़गी बिल्कुल वाजिब भी लगती है। दरअसल, अनुष्का का कहना है कि एयर इंडिया से सफर के दौरान उनका सितार टूट गया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा की कीमत उन्हें अपने सितार (Sitar) की कुर्बानी देकर चुकानी पड़ी। अनुष्का शंकर का आरोप है कि सफर के दौरान एयरलाइंस ने उनके सितार को सही तरीके से नहीं संभाला, जिसके कारण वह क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि उन्होंने सफर के दौरान सितार ले जाने के लिए एयर इंडिया को बाकायदा फीस भी दी थी। इस बात की जानकारी अनुष्का शंकर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर दी।
अनुष्का ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “Air India से लंबे समय बाद सफर कर रही थी। आखिर इस तरह का नुकसान किसी जानबूझकर की गई लापरवाही के बिना कैसे हो सकता है? यह बात और भी दुखद है क्योंकि मुझे लगा था कि भारतीय एयरलाइन पर भारतीय वाद्ययंत्र सुरक्षित रहेंगे। जबकि अन्य एयरलाइनों में हज़ारों उड़ानें भरने के बावजूद कभी एक खूँटी तक ढीली नहीं हुई।”
सितार की कीमत कितनी है?
एयर इंडिया में सफर के दौरान सितार टूटने की जानकारी अनुष्का ने जब सोशल मीडिया पर साझा की, तो कई म्यूज़िशियन और जानी-मानी हस्तियों ने इस पर प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। जहां तक सितार की कीमत की बात है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जो सितार टूटा है उसकी कीमत 1250 डॉलर तक हो सकती है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1,13,014 रुपये के बराबर है।
Keywords: Anoushka Shankar, Air India Incident, Broken Sitar

