Happy Birthday Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और “चेज मास्टर” के नाम से मशहूर विराट कोहली आज, 5 नवंबर को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। 5 नवंबर 1988 को दिल्ली में जन्मे कोहली ने साल 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। इसके बाद उनके बल्ले का जादू तीनों फॉर्मेट टेस्ट, वनडे और टी20 में देखने को मिला। कोहली ने टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वे अभी भी वनडे फॉर्मेट में खेल रहे हैं। उनके 37वें जन्मदिन के मौके पर आइए जानते हैं कोहली के ऐसे पांच शानदार रिकॉर्ड, जिन्हें आने वाले समय में तोड़ पाना किसी भी खिलाड़ी के लिए बेहद मुश्किल होगा।
- वनडे में सबसे कम पारियों में 10,000 रन पूरा करने वाले बल्लेबाज
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली का प्रदर्शन साल दर साल शानदार रहा है। गेंदबाजों के लिए उन्हें रोक पाना हमेशा चुनौती भरा रहा है। कोहली वनडे फॉर्मेट में सबसे कम पारियों में 10,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं। इस मामले में उन्होंने महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ा। जहां सचिन ने 259 पारियों में 10,000 रन बनाए थे, वहीं कोहली ने यह उपलब्धि सिर्फ 205 पारियों में हासिल कर ली थी।
- वनडे में 70 बार 50 से जयादा पारियां
विराट कोहली को वर्ल्ड क्रिकेट में “चेज मास्टर” कहा जाता है, क्योंकि जब तक वे मैदान पर होते हैं, टीम इंडिया की जीत लगभग तय मानी जाती है। वनडे मैचों में उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए कई यादगार पारियां खेली हैं, जो क्रिकेट फैंस के दिलों में हमेशा ताजा रहेंगी। कोहली के नाम वनडे फॉर्मेट में सबसे ज्यादा बार टारगेट का पीछा करते हुए 50 या उससे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड है उन्होंने अब तक ऐसी 70 पारियां खेली हैं।
- वर्ल्ड कप 2023 में रन बरसाने वाला सीजन
विराट कोहली ने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट में वे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। कोहली ने 11 पारियों में खेलते हुए 95.62 की बेहतरीन औसत से कुल 765 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतकीय और छह अर्धशतकीय पारियां देखने को मिलीं।
- टेस्ट में कप्तान के रूप में 7 दोहरे शतक
विराट कोहली ने भारतीय टीम की तीनों फॉर्मेट में कप्तानी की है, और उनके कप्तानी में टीम इंडिया ने घरेलू और विदेशी दोनों ही जगह पर बेहतरीन प्रदर्शन किया। टेस्ट क्रिकेट में कप्तान रहते हुए कोहली सबसे ज्यादा दोहरे शतक बनाने वाले खिलाड़ी हैं उन्होंने इस दौरान 7 दोहरे शतक लगाए हैं, जो उन्हें इस लिस्ट में टॉप पर रखता है।
- वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी
साल 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शतकीय पारी खेली और इसी के साथ वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ते हुए पहले नंबर पर पहुंच गए। यह उनके वनडे करियर का 50वां शतक था। अब कोहली के नाम कुल 51 वनडे शतकीय पारियां हैं, और उनका यह रिकॉर्ड भविष्य में किसी भी बल्लेबाज के लिए तोड़ पाना बेहद मुश्किल है।
Keywords: Virat Kohli Records, Chase Master, Kohli 10000 Runs,Virat Kohli Centuries, Virat Kohli Birthday, Odi Century Of Virat Kohli

