बॉलीवुड एक्टर और कॉमेडियन टीकू तलसानिया तथा अभिनेत्री मानसी पारेख अपनी आने वाली गुजराती फिल्म ‘मिस्री’ के प्रमोशन को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर दोनों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे सार्वजनिक सड़क पर बाइक स्टंट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में मानसी पारेख चलती बाइक पर टाइटैनिक पोज़ देती दिखती हैं, जबकि टीकू तलसानिया बाइक चला रहे हैं।
जैसे ही यह क्लिप ऑनलाइन आई, लोगों ने इसे लापरवाही भरा और खतरनाक प्रचार तरीका करार दिया। सोशल मीडिया यूज़र्स ने सेलिब्रिटीज की जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि “लोकप्रिय होना किसी को कानून से ऊपर नहीं बनाता।” कई यूजर्स ने यह भी लिखा कि ऐसे स्टंट आम जनता के लिए गलत उदाहरण पेश करते हैं और सड़क सुरक्षा नियमों का मजाक उड़ाते हैं।
हुई कार्रवाई
विवाद बढ़ने के बाद अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने बताया कि यह केवल प्रमोशनल एक्टिविटी नहीं बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने वाला अपराध है। दोनों कलाकारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही से जीवन को खतरे में डालना) और मोटर व्हीकल्स एक्ट की धाराएं 177 व 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिल्म ‘मिस्री’ के मेकर्स का इरादा भले ही अपने प्रोजेक्ट को अनोखे तरीके से प्रमोट करने का रहा हो, लेकिन यह वीडियो अब उनकी फिल्म की चर्चा से ज्यादा कानूनी विवाद और सोशल मीडिया आलोचना की वजह बन गया है।
Keywords: Tiku Talsania, Mansi Parekh, Misri Film, Ahmedabad Police, Misri Stunt Viral Video, Film Promotion, Legal Action

