बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की चुनावी प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू हो गई है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। इसके साथ ही सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर NDA में सीट बंटवारे को लेकर गहन बैठकों का दौर जारी है, वहीं महागठबंधन के भीतर भी कई स्तरों पर सहमति बनाने की कोशिशें चल रही हैं।
एनडीए में नाराज़गी
दरभंगा के अलीनगर से BJP विधायक मिश्री लाल यादव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP में दलितों और पिछड़ों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं दिया जा रहा। मिश्री लाल यादव ने कहा कि उन्हें टिकट नहीं मिलने की आशंका है और BJP उनकी जगह गायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बना सकती है।
यादव ने याद दिलाया कि उन्होंने अलीनगर सीट पर एनडीए को पहली बार जीत दिलाई थी, जबकि इससे पहले “धनबल और बाहुबल” वाले कई उम्मीदवार असफल रहे थे। गौरतलब है कि 2020 में वे VIP पार्टी से चुनाव जीते थे, लेकिन VIP प्रमुख मुकेश सहनी के NDA से अलग होने के बाद वे BJP में शामिल हो गए थे। अब मिश्री लाल यादव के ‘इंडिया’ गठबंधन के संपर्क में होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
महागठबंधन पर RJD का दावा-‘ऑल इज़ वेल’
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने एनडीए पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए अपने अस्तित्व को बचाने के लिए नगर-नगर, द्वार-द्वार भटक रही है। महागठबंधन में सब कुछ ठीक है, और सीट बंटवारे को अंतिम रूप दिया जा चुका है। जल्द ही इसकी घोषणा होगी। उन्होंने दावा किया कि NDA में भगदड़ मचनी तय है और नामांकन के अंतिम दौर तक कई नेता पाला बदल सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिहार की जनता इस बार पढ़ाई, कमाई, दवाई और कार्रवाई” वाली सरकार चुनने जा रही है।
महुआ से लड़ेंगे चुनाव तेज प्रताप
जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट किया है कि वे महुआ सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जमीनी स्तर पर मजबूत हो रही है और उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। तेज प्रताप ने कहा हम जनता के बीच जा रहे हैं, न कि कॉरपोरेट ऑफिस की तरह राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सोमवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों और सीटों की घोषणा करने की बात कही है। उनके इस रुख को महागठबंधन से दूरी के रूप में देखा जा रहा है।
RJD पर पप्पू यादव का तंज
निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने राजद पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पहले जो आरजेडी थी वो जनता की पार्टी थी, अब वो टेक्निकल पार्टी बन गई है। अगर आप टेक्निकल बातों में फंसेंगे, तो देरी तो होगी ही। उन्होंने कांग्रेस को लेकर कहा कि जब तक राहुल गांधी हैं, कांग्रेस का सम्मान कोई नहीं छीन सकता।
Keywords: Bihar Assembly Election 2025, NDA Seat Sharing, Mahagathbandhan Strategy, Mishri Lal Yadav Resigns BJP

