मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी से करीब साढ़े चार घंटे तक पूछताछ की है। यह पूछताछ एक कारोबारी से जुड़े 60 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में की गई। इस केस में शिल्पा के पति राज कुंद्रा से भी पहले पूछताछ हो चुकी है और अब तक पांच लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।जांच के दायरे में बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी है, जिसमें शिल्पा और राज दोनों डायरेक्टर रहे हैं। आरोप है कि इस कंपनी के माध्यम से एक वित्तीय सौदे में धोखाधड़ी की गई।
गंभीर आरोप
रिपोर्ट्स के अनुसार, लोटस कैपिटल फाइनेंस सर्विसेज के डायरेक्टर और बिजनेसमैन दीपक कोठारी ने दंपति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि उन्होंने एक लोन-कम-इन्वेस्टमेंट डील के तहत कुंद्रा और शिल्पा को 60 करोड़ रुपये दिए थे, लेकिन उन्होंने इस रकम का इस्तेमाल निजी जरूरतों में कर लिया और निवेश की शर्तों का उल्लंघन किया।
इस शिकायत के आधार पर अगस्त में जुहू पुलिस स्टेशन में केस दर्ज हुआ, जिसके बाद EOW ने जांच शुरू की। जांच के दौरान कई फाइनैंशियल डॉक्यूमेंट्स, बैंक ट्रांजैक्शन और कंपनी रिकॉर्ड की गहन पड़ताल की जा रही है। इसी सिलसिले में सितंबर में शिल्पा और राज कुंद्रा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था।
राज कुंद्रा से हुई पिछली पूछताछ में उन्होंने यह स्वीकार किया था कि जांच में शामिल रकम का कुछ हिस्सा बॉलीवुड एक्ट्रेसेस बिपाशा बसु और नेहा धूपिया को फीस के तौर पर दिया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लेनदेन बालाजी एंटरटेनमेंट कंपनी से संबंधित थे। फिलहाल, EOW की टीम दोनों से प्राप्त जवाबों और दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि 60 करोड़ रुपये की यह रकम कहां और किस उद्देश्य से उपयोग की गई।
Keywords: Shilpa Shetty Interrogation, Raj Kundra Scam, 60 Crore Fraud Case, EOW Mumbai, Financial Fraud, Bollywood Controversy, Best Deal TV Pvt Ltd, Deepak Kothari Complaint

