बिहार की राजनीति और समाज दोनों के लिए 26 सितंबर का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत राज्यभर की महिलाओं को पहली बार बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाई जायेगी। शुरुआत में 75 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त दी जायेगी। इस पहल के जरिए सरकार ने महिला सशक्तिकरण को आर्थिक आधार देने का काम किया है।
क्या है योजना का उद्देश्य?
यह योजना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असली उद्देश्य है महिलाओं को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक बनाना। राज्य सरकार ने इसे समुदाय-संचालित कार्यक्रम का रूप दिया है, जहां वित्तीय मदद के साथ-साथ प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं को कृषि, पशुपालन, सिलाई-बुनाई, हस्तशिल्प और लघु उद्योग जैसे क्षेत्रों में काम करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिलाओं को रोजगार के नए रास्ते मिलेंगे।
आने वाले दिनों में महिलाओं को मिलेगा 2 लाख रुपये?
योजना के तहत प्रत्येक महिला को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के जरिए 10 हजार रुपये का प्रारंभिक अनुदान दिया गया है। इसके अलावा आने वाले समय में महिलाओं को 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी मिल सकती है। यह राशि उन्हें छोटे-छोटे उद्यम शुरू करने में मदद करेगी। चाहे कोई महिला डेयरी फार्मिंग करना चाहती हो या हस्तशिल्प व्यवसाय, इस योजना से उन्हें आर्थिक बल मिलेगा। खास बात यह है कि इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाया गया है ताकि भ्रष्टाचार या बिचौलियों की कोई भूमिका न रहे।
समाज को बदलने की दिशा में पहला कदम
बिहार की महिलाएं लंबे समय से आत्मनिर्भरता की दिशा में संघर्ष कर रही हैं। यह योजना उनके जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। जब महिलाओं के पास खुद की आय होगी, तो वे न केवल आर्थिक रूप से स्वतंत्र होंगी, बल्कि परिवार और समाज में उनका प्रभाव भी बढ़ेगा। इससे सामाजिक सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। गांवों में जब महिलाएं छोटे-छोटे उद्यम शुरू करेंगी, तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई जान आएगी।
Keywords: PM Modi Bihar Women Scheme, Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana, Bihar Women Empowerment, Women Financial Assistance, Nitish Kumar, NDA Election Strategy

