वाशिंगटन डीसी में 4 सितंबर 2025 को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डिनर पार्टी में हंगामा मच गया। यह आयोजन एक विशेष क्लब, एक्जीक्यूटिव ब्रांच, के उद्घाटन और पॉडकास्ट होस्ट चमथ पालिहपितिया के जन्मदिन के लिए था। पार्टी में ट्रंप प्रशासन के दो बड़े अधिकारी, वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट और फेडरल हाउसिंग फाइनेंस एजेंसी के निदेशक बिल पुल्टे, के बीच तीखी झड़प हुई। बेसेंट ने बिल पुल्टे को मुक्का मारने और उनकी पिटाई करने की धमकी दी।
झगड़े की शुरुआत
पॉलिटिको की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बेसेंट को पता चला कि बिल पुल्टे राष्ट्रपति ट्रंप के सामने उनकी बुराई कर रहे थे। इससे नाराज होकर बेसेंट ने कॉकटेल पार्टी के दौरान पुल्टे पर गालियों के साथ हमला बोला। उन्होंने कहा, “तुम राष्ट्रपति से मेरे बारे में क्यों बात कर रहे हो? मैं तुम्हारे मुंह पर मुक्का मार दूंगा।” स्थिति इतनी बिगड़ गई कि बेसेंट ने पुल्टे को बाहर निकलकर “पिटाई” करने की चुनौती दी।
क्लब में तनाव
पार्टी में करीब 30 मेहमान थे, जिनमें परिवहन मंत्री सीन डफी, वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक, आंतरिक मामलों के मंत्री डग बर्गम और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड शामिल थे। लंबी मेज पर क्रिस्टल और चीनी मिट्टी के बर्तन सजे थे, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया। क्लब के सह-मालिक ओमीद मलिक को बीच में आना पड़ा। बेसेंट ने मलिक से कहा, “या तो वो रहेगा या मैं।” मलिक ने दोनों को अलग कर बेसेंट को शांत करने के लिए क्लब के दूसरे हिस्से में ले गए।
पार्टी में अलग-अलग बिठाया गया
डिनर के दौरान बेसेंट और पुल्टे को मेज के विपरीत छोर पर बिठाया गया ताकि तनाव कम हो। इस घटना पर बेसेंट, पुल्टे, मलिक और व्हाइट हाउस ने कोई टिप्पणी नहीं की। यह पहली बार नहीं है जब बेसेंट का किसी से झगड़ा हुआ हो। इससे पहले उनकी एलन मस्क से भी तीखी बहस हुई थी।
प्रशासन में तनाव
ट्रंप ने मई में कहा था कि बेसेंट, लुटनिक और पुल्टे मिलकर काम करेंगे, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन में आर्थिक नीतियों और प्रभाव को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा चल रही है। बेसेंट का मानना है कि पुल्टे उनके अधिकार क्षेत्र में दखल दे रहे हैं। यह झगड़ा ट्रंप प्रशासन के भीतर चल रही खींचतान को उजागर करता है।
Keywords: Trump dinner party, Scott Bessent, Bill Pulte, fight threat, US politics, Executive club, Washington DC, Economic Advisors, Political Rivalry, White House drama