कुछ जानवर ऐसे होते हैं जो पूरी जिंदगी केवल एक ही जीवनसाथी के साथ रहते हैं। यह व्यवहार इंसानों के प्रेम जैसा लग सकता है, लेकिन वैज्ञानिकों के अनुसार इसका संबंध भावनाओं से कम और संतान की रक्षा, जीवन रक्षा और सहयोग से अधिक होता है। जानवरों की दुनिया में लाइफ पार्टनर के साथ रहना आम बात नहीं है। BBC Earth अध्ययन के अनुसार, केवल 3 से 5 प्रतिशत स्तनधारी प्रजातियाँ ही वास्तव में जीवनभर के लिए जोड़ा बनाती हैं।
इन जानवरों के जीवन में प्यार नहीं, बल्कि साझेदारी और ज़िम्मेदारी का भाव होता है। ऐसा करने से उन्हें अपने बच्चों को पालने में मदद मिलती है और वे कठिन परिस्थितियों में एक-दूसरे का साथ देकर जीवित रह पाते हैं। आइए जानते हैं ऐसे
कुछ प्रमुख जानवरों के बारे में:
- भेड़िए (Wolves)
भेड़िए बहुत ही संगठित और सामाजिक जानवर होते हैं। इनका एक समूह होता है जिसे झुंड कहते हैं। इस झुंड का नेतृत्व एक मुख्य जोड़ा करता है जिसे अल्फा नर और मादा कहते हैं। ये दोनों जीवनभर साथ रहते हैं और मिलकर झुंड को चलाते हैं।स्मिथसोनियन संस्था (Smithsonian Institute) के अनुसार, यह स्थायी रिश्ता झुंड को मजबूत बनाता है और बच्चों की परवरिश सफल होती है। इनके बीच सहयोग और समझदारी, पूरे समूह की सुरक्षा और विकास में सहायक होती है।
- हंस (Swans)
हंस प्रेम और वफादारी का प्रतीक माने जाते हैं क्योंकि वे जीवनभर के लिए एक ही साथी चुनते हैं। वे मिलकर घोंसला बनाते हैं, अंडों को सेकते हैं और बच्चों (cygnets) की देखभाल करते हैं। हालांकि कॉर्नेल पक्षिविज्ञान प्रयोगशाला (Cornell Lab of Ornithology) की रिपोर्ट कहती है कि कभी-कभी कुछ जोड़े अलग भी हो जाते हैं, लेकिन अधिकांश हंस अपने साथी के प्रति निष्ठावान रहते हैं। इनका साथ उन्हें बच्चों की रक्षा और इलाके की सुरक्षा में मदद करता है।
- गिब्बन (Gibbons)
गिब्बन छोटे बंदर होते हैं जो दक्षिण-पूर्व एशिया में पाए जाते हैं। वे अपने साथी और बच्चों के साथ एक परिवार की तरह रहते हैं। गिब्बन प्राइमेट्स में उन कुछ जीवों में से हैं जो एकनिष्ठ जीवन बिताते हैं। इनका एक साथी के साथ रहना झगड़े कम करता है और बच्चों की देखभाल में सहयोग बढ़ाता है।
- पेंगुइन (Penguins)
कुछ पेंगुइन प्रजातियाँ जैसे एम्परर और जेंटू पेंगुइन हर साल अपने पुराने साथी के पास लौटते हैं। अंटार्कटिका जैसे कठोर वातावरण में ये नर और मादा मिलकर अंडों को सेते हैं और बच्चों को पालते हैं। नेशनल जिओग्राफिक (National Geographic) के अनुसार, यह टीमवर्क ही बच्चों को ठंड से बचा पाता है और उनके जीवित रहने की संभावना बढ़ाता है।
- बीवर (Beavers)
बीवर बहुत ही मेहनती और सामाजिक जानवर होते हैं। वे अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर बांध और घर (lodge) बनाते हैं।यूएस फिश एंड वाइल्डलाइफ़ सर्विस ( US Fish and Wildlife Service) के अनुसार, वे साथ मिलकर भोजन इकट्ठा करते हैं और बच्चों की देखभाल करते हैं। यह मजबूत साझेदारी न सिर्फ उनके परिवार को सुरक्षित रखती है, बल्कि उनका पूरा वातावरण भी संतुलित रहता है।
इन जानवरों के लिए जीवनभर का रिश्ता किसी भावनात्मक लगाव से अधिक एक सहयोगी जीवनशैली है। यह उन्हें जीवन में संघर्षों का सामना करने और अपने बच्चों को सुरक्षित बड़ा करने में मदद करता है। यह दिखाता है कि जानवर भी अपनी संतानों की सुरक्षा लिए सोच-समझकर निर्णय लेते हैं।
Keywords – Animal Love Stories, Loyal Animal Pairs, Lifestyle News