विदेश मंत्रालय (MEA) ने शुक्रवार को आयोजित अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कई अंतरराष्ट्रीय मामलों पर स्पष्ट, तीखा और तथ्यपरक रुख अपनाया। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अपने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा और गलत जानकारी या बेबुनियाद दावों को बर्दाश्त नहीं करेगा।
NATO प्रमुख के दावे को MEA ने बताया “बेबुनियाद”
पश्चिमी सैन्य गठबंधन NATO के महासचिव मार्क रुटे द्वारा दिए गए उस बयान को MEA ने सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि PM नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन युद्ध पर चर्चा की थी। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दो टूक कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और पुतिन के बीच इस प्रकार की कोई बातचीत नहीं हुई है। यह दावा पूरी तरह तथ्यहीन और आधारहीन है।
उन्होंने NATO जैसे महत्वपूर्ण संस्थान के नेतृत्व से अपेक्षा जताई कि वे अपने बयानों में सटीकता और ज़िम्मेदारी का पालन करें, क्योंकि उनके शब्दों का अंतरराष्ट्रीय प्रभाव होता है।
अमेरिका की टैरिफ नीति पर भारत की प्रतिक्रिया
अमेरिका द्वारा फार्मा सेक्टर पर नए टैरिफ लगाने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। जायसवाल ने कहा भारत के संबंधित मंत्रालय अमेरिकी टैरिफ नीति की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। आवश्यक हुआ तो नीतिगत कदम उठाए जाएंगे। यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिका ने भारत पर 100% टैरिफ लगाने की बात कही है, जिससे भारतीय फार्मास्युटिकल सेक्टर पर असर पड़ सकता है।
तुर्की राष्ट्रपति के कश्मीर मुद्दा उठाने पर ऐतराज
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन द्वारा संयुक्त राष्ट्र मंच पर कश्मीर मुद्दा उठाने पर भारत ने कड़ा ऐतराज़ जताया। MEA ने साफ कहा कि कश्मीर भारत का आंतरिक मामला है। कोई भी बाहरी टिप्पणी पूरी तरह अस्वीकार्य है। भारत ने संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
साइप्रस मुद्दे पर भारत की स्पष्ट नीति
भारत और साइप्रस के बीच हाल ही में हुई विदेश मंत्रियों की बैठक में नॉर्थ साइप्रस के मुद्दे पर चर्चा हुई। भारत ने संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों के अनुसार शांति, समाधान और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन का समर्थन किया। भारत ने एकतरफा कार्रवाइयों के खिलाफ अपनी स्थिति स्पष्ट की।
सार्क को आतंकवाद ने बना दिया बंधक: MEA
दक्षिण एशियाई सहयोग संगठन सार्क की प्रगति पर चिंता जताते हुए भारत ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा भारत क्षेत्र में सहयोग और कनेक्टिविटी बढ़ाना चाहता है, लेकिन पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों ने सार्क को बंधक बना रखा है। साथ ही उन्होंने शहबाज शरीफ और ट्रंप की अमेरिका में मुलाकात को लेकर भी भारत की नजर रखने की बात कही।
शेख हसीना पर उठे बयानों पर भारत की प्रतिक्रिया
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना को लेकर उठे बयानों पर MEA ने दोहराया कि भारत का रुख पहले की तरह स्पष्ट है। भारत-बांग्लादेश के द्विपक्षीय संबंध मजबूत और स्थिर बने हुए हैं।
ईरान में भारतीय नागरिकों के अपहरण पर चिंता
हाल ही में ईरान में भारतीय नागरिकों के अपहरण की घटनाओं पर MEA ने चिंता जताई। प्रवक्ता ने कहा भारतीय नागरिक सतर्क रहें और अनधिकृत या जोखिम भरे क्षेत्रों की यात्रा से बचें। सरकार ईरानी अधिकारियों से संपर्क में है।
अवैध प्रवास पर भारत का सख्त संदेश
MEA ने बताया कि जनवरी से 25 सितंबर 2025 तक 2,417 भारतीय नागरिकों को अमेरिका से डिपोर्ट किया गया है। भारत का रुख साफ है भारत वैध, सुरक्षित और नियमित प्रवास को बढ़ावा देता है। अवैध इमिग्रेशन नहीं स्वीकार्य।
MEA की इस साप्ताहिक ब्रीफिंग में भारत ने एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वह राष्ट्रीय हित, विदेश नीति और वैश्विक मंचों पर अपनी छवि के प्रति पूरी तरह सतर्क और सख्त है। चाहे वह नाटो प्रमुख का झूठा दावा हो, टैरिफ नीति, कश्मीर, साइप्रस, या सार्क।
Keywords – India Nato Statement 2025, Modi Putin Ukraine Call Claim, India Reaction To Us Tariffs, Turkey Kashmir Unga 2025, India Stance On Cyprus Issue, Saarc Terrorism And Pakistan, Illegal Indian Immigration Usa 2025, Indian Citizens Kidnapped In Iran, India Bangladesh Relations 2025