टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे हाल ही में ‘भाबीजी घर पर हैं’ के निर्माता पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के झूठे आरोप स्वीकार करने के बाद विवादों में आ गई हैं। उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। मामले को गंभीर मानते हुए ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी प्रतिक्रिया दी है और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराने की मांग की है।
AICWA ने झूठे आरोपों पर जताई कड़ी नाराज़गी
शिल्पा शिंदे विवाद पर AICWA ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की मांग की है। इंस्टाग्राम पर जारी बयान में संगठन ने कहा कि यौन उत्पीड़न जैसे झूठे आरोप किसी भी व्यक्ति की छवि, परिवार, करियर और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर और लंबे समय तक असर डाल सकते हैं। ऐसे आरोप न सिर्फ आरोपी बल्कि उसके करीबियों के लिए भी भारी नुकसान का कारण बनते हैं। AICWA ने यह भी कहा कि जानबूझकर लगाए गए झूठे आरोप वास्तविक पीड़ितों की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़ा करते हैं, जिससे सच्चे मामलों की गंभीरता कम हो सकती है और असली पीड़ितों की आवाज दब सकती है।
AICWA ने सीएम से निष्पक्ष जांच की अपील की
AICWA ने अपने बयान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराने की मांग की है। संगठन ने कहा कि यदि यह साबित होता है कि किसी ने जानबूझकर झूठे आरोप लगाए हैं, तो कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि झूठे आरोप न केवल निर्दोष लोगों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि असली पीड़ितों की विश्वसनीयता पर भी असर डालते हैं। एसोसिएशन ने जोर देकर कहा कि न्याय, सच्चाई और निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है और झूठे आरोप व वास्तविक उत्पीड़न, दोनों मामलों में कानून के अनुसार सही कार्रवाई होनी चाहिए।
पॉडकास्ट में शिल्पा शिंदे का बड़ा खुलासा
हाल ही में शिल्पा शिंदे भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में नजर आई थीं, जहां उन्होंने निर्माता संजय कोहली से जुड़े एक पुराने मामले पर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था, जिसे अब वह “झूठा” बता रही हैं। एक्ट्रेस ने कहा कि उस समय परिस्थितियों के चलते उन्होंने यह कदम उठाया था और अब वह इस पूरे मामले को लेकर खुलकर अपनी बात रख रही हैं।
शिल्पा शिंदे ने कबूला झूठा केस, सेटलमेंट का भी किया खुलासा
शिल्पा शिंदे ने एक बातचीत में कहा कि उस समय उनके साथ किसी प्रोड्यूसर ने सहयोग नहीं किया, जिसके चलते उन्होंने केस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि पुलिस की प्रक्रिया के दौरान उन्हें कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ीं और इसी आधार पर मामला आगे बढ़ा। शिल्पा के अनुसार, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और लंबित भुगतान भी तीन महीने बाद उन्हें मिल गया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अब वह मानती हैं कि उस समय लगाया गया आरोप गलत था और वह पहली बार इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर रही हैं।
‘भाबीजी घर पर हैं’ छोड़ने के बाद शुरू हुआ विवाद
शिल्पा शिंदे को टीवी शो ‘भाबीजी घर पर हैं’ में अंगूरी भाभी के किरदार से काफी लोकप्रियता मिली थी, जो 2015 में &TV पर प्रसारित हुआ था। मार्च 2016 में उन्होंने अचानक शो छोड़ दिया और मेकर्स पर मानसिक दबाव डालने का आरोप लगाया। शिल्पा का कहना था कि उनसे एक एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन करवाने की कोशिश की गई, जिससे वह अन्य प्रोजेक्ट्स नहीं कर पातीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रोड्यूसर्स उनके करियर को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जबकि मेकर्स ने इन सभी दावों को खारिज कर उन्हें कानूनी नोटिस भेजा था। बाद में उन्होंने निर्माता संजय कोहली पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराने की बात भी कही थी।
Keywords: Shilpa Shinde Controversy, Bhabi Ji Ghar Par Hai Dispute, AICWA Statement On Harassment Case