Indian Embassy Safety Advisory: ईरान में हालात बिगड़ने के बीच, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को एक नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। इसमें ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से जल्द से जल्द देश छोड़ने का अनुरोध किया गया है। दूतावास ने आपातकालीन मदद और समन्वय के लिए हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए हैं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि 07 अप्रैल 2026 की पिछली एडवाइजरी और हाल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए, भारतीय नागरिकों को दूतावास द्वारा सुझाए गए मार्गों का पालन करते हुए तुरंत ईरान छोड़ने की सलाह दी जाती है। साथ ही यह भी चेतावनी दी गई है कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा तक जाने का प्रयास बिना दूतावास से संपर्क किए नहीं किया जाना चाहिए, ताकि सुरक्षा बनी रहे।
ईरान में 48 घंटे तक सुरक्षा की एडवाइजरी
इसे एक दिन पहले, भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए एक पूर्व चेतावनी जारी की थी। इसमें कहा गया कि ईरान में मौजूद भारतीय अगले 48 घंटों तक अपने घरों या ठिकानों में ही सुरक्षित रहें। इस दौरान उन्हें बिजली के उपकरणों, सैन्य क्षेत्रों और ऊंची इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूरी बनाकर रखना आवश्यक है। राजमार्ग या बाहर की यात्रा केवल दूतावास के स्पष्ट निर्देश और समन्वय के तहत ही की जा सकती है।
अमेरिका और ईरान ने दो सप्ताह के संघर्षविराम पर जताई सहमति
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की कि पाकिस्तान के प्रस्ताव के बाद अमेरिका और ईरान ने दो सप्ताह के लिए संघर्षविराम पर सहमति दी है। ट्रंप ने यह घोषणा मंगलवार शाम (अमेरिकी समयानुसार) ट्रुथ सोशल पर की। डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ट्रंप की धमकी को लेकर उन्हें पद से हटाने की मांग कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर की बातचीत के बाद उन्होंने ईरान पर होने वाली कार्रवाई रोक दी, बशर्ते ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने के लिए सहमत हो।
Keywords: Indian Embassy Tehran Safety, Iran-US Ceasefire, Evacuation Advisory For Indians