White House Shooting: व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी मामले में 21 वर्षीय नसीरे बेस्ट को आरोपी बताया गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर सुरक्षा क्षेत्र के आसपास देखा जाता था। अधिकारियों के मुताबिक, उसने अचानक चेकपॉइंट के पास पहुंचकर बैग से हथियार निकाला और सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। घटना के दौरान कई राउंड फायरिंग होने से इलाके में हड़कंप मच गया। जांच एजेंसियां अब हमले के पीछे की असली वजह पता लगाने में जुटी हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ी चिंता
जांच में यह भी सामने आया है कि नसीरे बेस्ट पहले सोशल मीडिया पर कई विवादित वीडियो पोस्ट कर चुका था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने एक वीडियो में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को लेकर धमकी भरी बातें कही थीं। उसने दावा किया था कि अगर वह पहले हुए हमले में शामिल होता, तो नतीजा अलग होता। सुरक्षा एजेंसियां अब उसके पुराने सोशल मीडिया पोस्ट और गतिविधियों की भी जांच कर रही हैं।
कोर्ट के आदेश के बावजूद व्हाइट हाउस के करीब पहुंचा आरोपी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अदालत ने पहले ही नसीरे बेस्ट को व्हाइट हाउस इलाके से दूर रहने का निर्देश दिया था, लेकिन उसने इस आदेश को नजरअंदाज कर दिया। बताया जा रहा है कि 24 मई को सुरक्षाकर्मियों ने उसे संदिग्ध गतिविधियां करते देखा। इसी दौरान उसने अचानक हथियार निकालकर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
एफबीआई और सीक्रेट सर्विस ने संभाली जांच
फायरिंग के दौरान सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी नसीरे बेस्ट को रोक लिया। घायल हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद एफबीआई भी जांच में शामिल हो गई है। एफबीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि एफबीआई की टीम व्हाइट हाउस के पास हुई इस घटना में सीक्रेट सर्विस के साथ मिलकर काम कर रही है।
Keywords: White House Shooting, Nasire Best, Donald Trump Threat Case, FBI White House Investigation

