तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने की संभावना तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार CPI, CPM और VCK ने टीवीके को समर्थन देने का निर्णय लिया है, जिससे पार्टी की स्थिति और मजबूत हो गई है। इन तीनों दलों के कुल 6 विधायकों के समर्थन से गठबंधन को फायदा मिला है। इसके साथ ही कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन की भी चर्चा है। अगर यह समर्थन पूरी तरह मिल जाता है, तो टीवीके आसानी से बहुमत के आंकड़े को पार कर सरकार बनाने की स्थिति में आ सकती है।
टीवीके को मिला बड़ा समर्थन
तमिलनाडु में टीवीके की सरकार बनने की स्थिति मजबूत होती दिख रही है। पार्टी के पास पहले से 108 सीटें हैं, जिनमें से दो सीटों पर खुद विजय ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन से यह संख्या 113 तक पहुंच जाती है। वहीं CPI, CPM और VCK के 6 विधायकों के साथ गठबंधन कुल 118 सीटों तक पहुंच सकता है। इसी के साथ विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता लगभग साफ माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शाम 4:30 बजे सभी दलों के नेता संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
विजय के CM बनने की चर्चा तेज
सूत्रों के अनुसार विजय ने शाम 4:30 बजे राज्यपाल से मुलाकात का समय मांगा है, लेकिन अभी तक अनुमति नहीं मिली है। इसी बीच उनके मुख्यमंत्री बनने की अटकलें तेज हो गई हैं, जिसका मुख्य कारण उन्हें मिला भारी जनसमर्थन बताया जा रहा है। खासकर युवा मतदाताओं ने इस बार टीवीके का समर्थन किया है। माना जा रहा है कि द्रविड़ पार्टियों (DMK और AIADMK) के बीच एक बड़ा वर्ग नए विकल्प की ओर झुक रहा है, जिससे तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
सरकार गठन को लेकर टीवीके की सक्रियता तेज
विजय की पार्टी टीवीके लगातार सरकार बनाने के प्रयास में जुटी है और यह राज्यपाल से इस हफ्ते उनकी तीसरी मुलाकात हो सकती है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने CPI महासचिव डी राजा से अपील की थी कि वाम दल टीवीके के नेतृत्व में बनने वाली धर्मनिरपेक्ष सरकार का समर्थन करें। इसी बीच टीवीके नेता निर्मल कुमार ने चेन्नई में CPI नेताओं से मुलाकात कर समर्थन मांगा। पार्टी पहले ही VCK और IUML से भी सहयोग की अपील कर चुकी है और सरकार बनने को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है।
Keywords: Tamil Nadu Government Formation, Vijay CM Tamil Nadu, Tamil Nadu Political Alliance, CPI CPM VCK Support TVK

