US Israel Iran Tensions: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध आज 31वें दिन में पहुंच चुका है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच हमले थमने का नाम नहीं ले रहे, जिससे भारी तबाही और जान-माल का नुकसान हो रहा है। अमेरिका और इजराइल की कार्रवाई के जवाब में ईरान भी लगातार जवाबी हमले कर रहा है, जिससे संघर्ष और खतरनाक होता जा रहा है। इस तनाव का असर वहां रह रहे भारतीयों पर भी पड़ रहा है। हाल ही में कुवैत के एक बिजली और पानी के प्लांट पर हुए हमले में एक भारतीय की जान चली गई।
कुवैत में ईरानी हमले से तबाही, भारतीय कर्मचारी की मौत
कुवैत के बिजली, जल और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने जानकारी दी कि रविवार शाम ईरान की ओर से किए गए हमले में एक बिजली-पानी के डीसैलिनेशन प्लांट की सर्विस बिल्डिंग को निशाना बनाया गया। इस हमले में एक भारतीय कर्मचारी की जान चली गई और इमारत को गंभीर नुकसान पहुंचा। मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा अब्बास जौहर हयात के अनुसार, हमले का असर पूरे संयंत्र पर पड़ा है और उसकी संरचना को भी काफी क्षति हुई है।
मिडिल ईस्ट संघर्ष में भारतीयों की बढ़ती मौतें
पश्चिम एशिया में जारी हिंसक संघर्ष के बीच भारतीय नागरिक भी लगातार प्रभावित हो रहे हैं। इससे पहले सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग घटनाओं में 7 भारतीयों की जान जा चुकी थी और एक व्यक्ति लापता था। अब कुवैत में हुए ताजा हमले में एक और भारतीय की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
तेहरान पर इजराइल का बड़ा हमला, कई ठिकाने निशाने पर
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष अब और तेज हो गया है। इजराइल ने ईरान की राजधानी तेहरान पर एक बड़ा हवाई हमला किया है। इजराइली दावे के मुताबिक, इस ऑपरेशन में 120 से ज्यादा बम गिराए गए, जिनका निशाना हथियारों से जुड़े ठिकाने थे। हमले के बाद शहर के कई इलाकों में जोरदार धमाके सुने गए और आग की लपटें उठती देखी गईं, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं।
Keywords: Middle East War, Iran Israel Conflict Update, Indian Casualties Kuwait Attack, Tehran Airstrike Israel Iran

