एक तरफ अमेरिका और इज़रायल की सेनाएं, तो दूसरी तरफ ईरानी सेना के बीच जबरदस्त लड़ाई छिड़ी हुई है। अब तक इस सैन्य कार्रवाई में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के मारे जाने की खबर है। उनके साथ कई बड़े ईरानी नेता और सेना के अधिकारी भी मारे गए बताए जा रहे हैं। भारी नुकसान के बावजूद ईरान अपनी जवाबी कार्रवाई से पीछे नहीं हट रहा है। ईरान ने यूएई को निशाना बनाते हुए खाड़ी देश में कोहराम मचा दिया है।
24 घंटे में 15 देशों को बनाया निशाना
ईरान ने पिछले 24 घंटों के दौरान प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से 15 अलग-अलग देशों या उनकी सेनाओं को निशाना बनाया। इन देशों में इज़राइल, संयुक्त राज्य अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, कतर, कुवैत, जॉर्डन, इराक, बहरीन, ओमान, सीरिया और साइप्रस शामिल हैं। इसके अलावा फ्रांस (यूएई स्थित कैंप डे ला पैक्स), इटली (अली अल-सलेम बेस पर नाटो शिविर) और यूनाइटेड किंगडम (साइप्रस के अक्रोटिरी बेस) से जुड़े ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने की खबर है।
36 घंटे बाद डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान
जंग के 36 घंटे बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थिति को लेकर विस्तृत बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका और उसके सहयोगी देशों ने ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ के तहत ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की है। ट्रंप के मुताबिक, इस ऑपरेशन में रिवोल्यूशनरी गार्ड की अहम सैन्य सुविधाओं और ईरानी एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया गया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना ने 9 जहाजों और उनसे जुड़ी नौसैनिक संरचनाओं को भी नष्ट कर दिया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि ऑपरेशन तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी रणनीतिक लक्ष्य हासिल नहीं कर लिए जाते।
यूएई हमले की पीएम मोदी ने की निंदा
यूएई पर हुए हमले की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ायद अल नाहयान से बात की। पीएम मोदी ने हमलों में हुई जानमाल के नुकसान पर दुख जताया और कहा कि भारत इस मुश्किल समय में यूएई के साथ खड़ा है। साथ ही, यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय का ख्याल रखने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने तनाव कम करने और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा व स्थिरता बनाए रखने के समर्थन की बात भी दोहराई।
Keywords: America Israel Vs Iran War, US Iran Conflict, Israel Iran Tension, 15 Targets In 24 Hours, Iran Attack News, Middle East War Update

