मोहाली: पंजाब के मोहाली में कुछ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। इस बार धमकी की सूची में उस अस्पताल का नाम भी शामिल है, जहां मुख्यमंत्री भगवंत मान भर्ती हैं। सुरक्षा एजेंसियों को एक धमकी भरा ई-मेल मिला है, जिसमें फोर्टिस अस्पताल का जिक्र किया गया है। संयोग से मुख्यमंत्री भी इसी अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद फोर्टिस अस्पताल की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। बम निरोधक दस्ते को तैनात किया गया है और अस्पताल परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में पंजाब पुलिस के जवानों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वहीं, जिन स्कूलों को धमकी दी गई है, उनकी भी गहन जांच शुरू कर दी गई है। ई-मेल किसने और कहां से भेजा है, इसकी जांच साइबर टीम कर रही है।
ई-मेल में संक्रमित करने का दावा
मंगलवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजे गए ई-मेल में दावा किया गया कि मुख्यमंत्री को कथित रूप से ज़हरीले पदार्थ पोलोनियम से संक्रमित कर दिया गया है। साथ ही यह भी धमकी दी गई कि यदि वे बच भी गए तो उनका अंजाम पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह जैसा होगा। ई-मेल में यह तक कहा गया कि अस्पताल से मुख्यमंत्री की लाश बाहर निकलेगी।
इस गंभीर धमकी के बाद पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। अस्पताल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। एसएसपी दिलप्रीत ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की कोई योजना नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी मोहाली के 16 स्कूलों को बम से उड़ाने संबंधी धमकी भरा ई-मेल मिल चुका है। राज्य में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा विभाग किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतना चाहती है।
Keywords: Punjab Threat News, Bhagwant Mann Threat, CM Bhagwant Mann Hospital, Mohali Fortis Hospital, Punjab High Alert

