बैंकॉक में हुए ग्रुप-ए मैच में भारतीय महिला ए टीम ने शुरुआत से ही कमाल कर दिया। पहले गेंदबाजी करते हुए उन्होंने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह दबाव में रखा। पाकिस्तानी टीम 18.5 ओवर में सिर्फ 93 रन बनाकर ढेर हो गई। कप्तान राधा यादव ने तीन ओवर में बस 11 रन दिए और तीन विकेट चटकाए। प्रेमा रावत और साइमा ठाकोर ने भी शानदार लाइन-लेंथ के साथ दो-दो विकेट लिए। जिंतिमनी कलिता और मिनु मानी ने भी एक-एक विकेट झटककर लगातार दबाव बनाए रखा। पाकिस्तान की आठ बल्लेबाज तो दहाई तक भी नहीं पहुंच पाईं। साफ दिखा कि भारतीय गेंदबाजों की सधी हुई बॉलिंग के आगे कोई टिक नहीं पाया।
झटकों के बाद संभली पारी
94 रन का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत थोड़ी खराब रही। ओपनिंग विकेट बिना खाता खोले गिर गया, तो लगा कि मैच में रोमांच आ सकता है। लेकिन फिर अनुष्का शर्मा और वृंदा दिनेश ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर समझदारी और तेजी से रन जोड़े। छह ओवर में ही टीम 63 रन बना चुकी थी। अनुष्का ने 26 गेंदों पर 24 रन बनाए, पांच चौके लगाए। उनकी और वृंदा की 79 रन की साझेदारी ने मैच का रुख ही बदल दिया।
वृंदा दिनेश का धमाका
अनुष्का के आउट होते ही टीम की रफ्तार थमी नहीं। वृंदा दिनेश ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 55 रन ठोक दिए, जिसमें 12 चौके जमाए। उनकी टाइमिंग और कॉन्फिडेंस दोनों देखने लायक थे। तेजल हसबनीस ने भी पांच गेंदों पर नाबाद 12 रन बनाए और टीम को जीत दिलाने में मदद की। भारतीय टीम ने 10.1 ओवर में दो विकेट खोकर ही टारगेट पार कर लिया और 8 विकेट से मैच अपने नाम किया।
हर मोर्चे पर भारत की पकड़
पूरे मैच में भारतीय महिला ए टीम का खेल बेमिसाल रहा चाहे वो गेंदबाजी हो, फील्डिंग हो या बल्लेबाजी, हर जगह टीम ने कमाल दिखाया। पाकिस्तान को वापसी का एक भी मौका नहीं मिला। ये जीत बताती है कि टूर्नामेंट में भारतीय टीम के इरादे कितने मजबूत हैं। आगे के मैचों में उनका आत्मविश्वास और बढ़ेगा, इसमें कोई शक नहीं।
Keywords: India Women A Team, Rising Stars Asia Cup, Pakistan Women A Team, Women’S Cricket Tournament

