Bangladesh Violence: बांग्लादेश में चुनावी हलचल के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। चम्पारा क्षेत्र के एक चाय बागान में एक हिंदू युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में की गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रतन के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए और उनका शव खून से सना हुआ था। बताया जा रहा है कि उनके दोनों पैर बंधे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है।
पहले भी हो चुकी है हिंदू व्यापारी की हत्या
इससे पहले भी बांग्लादेश में एक हिंदू कारोबारी की हत्या की घटना सामने आ चुकी है। मयमनसिंह जिले के त्रिशाल उपजिला में 62 वर्षीय व्यापारी की उनकी ही दुकान के भीतर अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी थी। मृतक की पहचान साउथकंडा गांव निवासी सुसेन चंद्र सरकार के रूप में हुई थी, जो ‘भाई भाई एंटरप्राइज’ नाम से दुकान चलाते थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, बदमाशों ने उन पर धारदार हथियार से हमला किया और वारदात को अंजाम देने के बाद दुकान का शटर बंद कर फरार हो गए। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें तलाशते हुए दुकान पहुंचे। जब शटर खोला गया तो सुसेन चंद्र सरकार खून से सनी हालत में अंदर पड़े मिले। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी थी।
दिसंबर से बढ़ती घटनाएं और सांप्रदायिक तनाव
दिसंबर महीने के बाद से बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में इजाफा देखने को मिला है। कट्टरपंथी युवा नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने और आम चुनाव की तारीख करीब आने के साथ हालात और संवेदनशील हो गए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, केवल दिसंबर 2025 में ही सांप्रदायिक हिंसा से जुड़ी 51 घटनाएं दर्ज की गईं, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द को लेकर चिंता बढ़ा दी।
अल्पसंख्यक सुरक्षा पर उठते सवाल
बीते महीनों में देश के विभिन्न जिलों से हिंदू समुदाय से जुड़े लोगों की हत्या और हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। हाल ही में नरसिंदी जिले में 25 वर्षीय एक युवक की उस समय जलाकर हत्या कर दी गई, जब वह एक गैराज में सो रहा था। पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की बात कही थी। हालांकि, अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
वहीं, राजबाड़ी जिले में एक अन्य घटना में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले हिंदू कर्मचारी की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, एक ग्राहक ईंधन भरवाने के बाद बिना भुगतान किए भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान उसने वाहन से कर्मचारी को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वाहन चालक और मालिक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना के पीछे कोई सांप्रदायिक कारण था या यह आपराधिक मामला भर है।
Keywords: Bangladesh Hindu Killings, Minority Violence In Bangladesh, Communal Tension Bangladesh, Bangladesh Election Violence

