नई दिल्ली: उत्तर भारत के बड़े हिस्से में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में लगातार बारिश दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जनवरी को सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मैदानी इलाकों तक फैल गया है। इसके चलते पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
हरियाणा और राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 और 27 जनवरी को, जबकि उत्तराखंड में 27 और 28 जनवरी को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
शीत लहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट
- उत्तराखंड: 27 जनवरी को शीत लहर और घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
- हिमाचल प्रदेश: 28 जनवरी से 31 जनवरी तक कड़ाके की ठंड और कोहरे का प्रकोप रहने की संभावना है।
- उत्तर प्रदेश: 27, 29 और 30 जनवरी को शीत लहर के साथ घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है।
- राजस्थान: 28 से 30 जनवरी के बीच ठंडी हवाओं के साथ कोहरे का असर बना रहेगा।
- बिहार: 29 जनवरी से 31 जनवरी तक शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
- पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: 28 से 31 जनवरी के दौरान कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की संभावना जताई गई है।
दिल्ली के लिए येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह से दोपहर तक बादल छाए रहेंगे और इस दौरान हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि दोपहर के बाद भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की एक-दो बौछारें पड़ सकती हैं। दिन का अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Keywords: Weather Update India, Weather Change, Rainfall In India, Hailstorm Alert, India Weather News

