बिहार: आरजेडी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनते हुए अपने पोस्ट के जरिए सुर्खियां बटोरी हैं। रोहिणी ने बिना किसी का नाम लिए, अपने भाई और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला किया है।
रोहिणी ने पोस्ट के जरिये साधा निशाना
रोहिणी आचार्य ने अपने पोस्ट में लिखा, “जो सच में लालूवादी हैं, जिन्होंने लालू जी की अगुवाई में हाशिए पर खड़ी आबादी और वंचितों के लिए निस्वार्थ संघर्ष किया, वे ही पार्टी की वर्तमान स्थिति पर सवाल उठाएंगे। उन्हें लालू जी के सामाजिक और आर्थिक न्याय के संघर्ष पर गर्व है और उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी महसूस होती है। ऐसे लोग बिना किसी डर के पार्टी के अंदर चल रही समस्याओं और संदिग्ध भूमिकाओं पर आवाज उठाएंगे।”
रोहिणी ने व्यक्त किये अपने विचार
रोहिणी ने लिखा, “आज की कड़वी और दुखद सच्चाई यह है कि जनता के अधिकारों की लड़ाई के लिए जानी जाने वाली पार्टी की असली दिशा अब फासीवादी विरोधियों द्वारा भेजे गए घुसपैठियों और साजिशकर्ताओं के हाथों में है। ये लोग लालूवाद को खत्म करने के मिशन पर हैं और दुख की बात है कि अपने घिनौने मकसद में वे काफी हद तक सफल हो रहे हैं।”
जो सही मायनों में लालूवादी होगा, जिस किसी ने भी लालू जी के द्वारा, हाशिए पर खड़ी आबादी – वंचितों के हितों के लिए मजबूती से लड़ने वाली, खड़ी की गयी पार्टी के लिए निःस्वार्थ भाव से संघर्ष किया होगा, जिस किसी को भी लालू जी के द्वारा सामाजिक – आर्थिक न्याय के लिए किए गए सतत संघर्ष…
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) January 25, 2026
रोहिणी ने लिखा, “जो नेतृत्व की जिम्मेदारी ले रहे हैं, उन्हें सवालों से भागने और जवाब देने से मुंह चुराने की बजाय, तथ्यों और तर्कों के साथ स्पष्ट जवाब देना चाहिए। भ्रम फैलाने, लालूवाद और पार्टी के हित की बात करने वालों से दुर्व्यवहार, अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के बजाय, उन्हें खुद के गिरेबान में झांकना होगा। अगर वो चुप रहते हैं, तो यह स्वतः साबित हो जाता है कि वे साजिश करने वाले गिरोह के साथ मिले हुए हैं।”
Keywords: Rohini Acharya, RJD Politics, Bihar Politics, Laluvadi Ideology, RJD Leadership Crisis

