T20 World Cup 2026: इस वक्त क्रिकेट जगत से बड़ी खबर सामने आ रही है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड यानि BCB ने ऐलान किया कि उसकी क्रिकेट टीम 2026 में भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी। यह फैसला लंबे समय से चल रही बातचीत और असहमतियों के बाद लिया गया। आपको बता दें कि बांग्लादेश ने ICC से मैच शिफ्ट करने की मांग की थी, जैसे श्रीलंका में कराए जाएं, लेकिन ICC ने इसे स्वीकार नहीं किया। इसके बाद बांग्लादेश ने टूर्नामेंट का बहिष्कार करने का फैसला लिया। सरकार का कहना है कि टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन भारत में जाकर खेलने को तैयार नहीं है।
मैच खेलना है पर भारत में नहीं
इस विवाद में यह भी सामने आया कि बांग्लादेशी खिलाड़ी खुद टी20 वर्ल्ड कप में खेलने के इच्छुक हैं। बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा था कि टीम को टूर्नामेंट से कोई आपत्ति नहीं है, अगर उनके मैच श्रीलंका में आयोजित किए जाएं। उनका कहना था कि इससे खिलाड़ियों की सुरक्षा और मानसिक शांति बनी रहेगी। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने साफ किया कि अंतिम निर्णय राष्ट्रीय नीति और व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। सरकार का मानना है कि क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और अंतरराष्ट्रीय संबंधों से जुड़ा हुआ है।
BCB ने ICC पर किया हमला कहा- ‘क्रिकेट की लोकप्रियता घटेगी’
बांग्लादेश सरकार ने ICC पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि परिषद के फैसले विश्व क्रिकेट को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अपने आधिकारिक बयान में सरकार ने दावा किया कि दुनिया भर में करीब 20 करोड़ क्रिकेट प्रेमियों को इस फैसले के कारण निराशा झेलनी पड़ेगी। सरकार ने यह भी कहा कि जब क्रिकेट ओलंपिक जैसे वैश्विक मंच पर जगह बना रहा है, तब बांग्लादेश जैसे बड़े क्रिकेटिंग देश का विश्व कप से बाहर होना ICC की विफलता को दर्शाता है। बयान में यह भी इशारा किया गया कि ICC की बोर्ड मीटिंग्स में लिए जा रहे फैसले पारदर्शी नहीं हैं और कुछ निर्णय चौंकाने वाले हैं, जो खेल की भावना के खिलाफ जाते हैं।
मुस्तफिजुर रहमान से जुड़ा है विवाद
इस पूरे घटनाक्रम को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से भी जोड़ा जा रहा है। हाल ही में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने अपने स्क्वाड से रिलीज किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश पर लिया गया था। KKR ने मुस्तफिजुर को मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, लेकिन बाद में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। बांग्लादेश सरकार ने इस घटना को एक अलग मुद्दा मानने से इंकार किया और कहा कि यह फैसला पूरी तरह से BCCI के नियंत्रण में था। सरकार का कहना है कि यह मामला बांग्लादेशी क्रिकेट के साथ हो रहे भेदभाव का हिस्सा है।
Keywords: Bangladesh Cricket, T20 World Cup 2026, ICC Controversy, India World Cup, Bangladesh Boycott, Mustafizur Rahman

