मुंबई: बीएमसी चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। चुनाव के दौरान चली नोकझोंक और आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब धीरे-धीरे थमता नजर आ रहा है, लेकिन अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि मेयर पद पर किस दल का नेता बैठेगा। दरअसल, बीएमसी चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना किंगमेकर की भूमिका में आ गई है। बीएमसी में पूर्ण बहुमत के लिए 114 पार्षदों का समर्थन जरूरी होता है। बीजेपी के पास फिलहाल 89 सीटें हैं, जबकि शिंदे गुट की शिवसेना के पास 29 सीटें हैं।
मेयर के लिए शिंदे की भूमिका अहम
यदि बीजेपी शिंदे गुट के समर्थन के बिना अपना मेयर बनाना चाहे, तो उसे अभी भी 25 सीटों की कमी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में बीजेपी को किसी न किसी रूप में शिंदे गुट का समर्थन लेना ही होगा। किंगमेकर की भूमिका में आने के बाद शिंदे गुट अपनी शर्तों पर मेयर पद की मांग कर सकता है। इसी को लेकर दोनों दलों के शीर्ष नेता देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे समाधान निकालने में जुटे हुए हैं। दोनों नेताओं का कहना है कि महायुति का ही मेयर बनेगा, हालांकि यह अब तक स्पष्ट नहीं है कि मेयर किस दल से होगा।
हॉर्स ट्रेडिंग से बचाव की रणनीति
बीएमसी चुनाव परिणाम आने के बाद शिवसेना (शिंदे गुट) ने अपने पार्षदों के टूटने की आशंका को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने अपने सभी पार्षदों को तीन दिनों तक एक होटल में ठहरने का निर्देश दिया है। इस दौरान एकनाथ शिंदे स्वयं पार्षदों से मिलने पहुंचे और उनका सम्मान भी किया।
क्या कहते हैं आंकड़े
- 227 सदस्यीय बीएमसी में बहुमत के लिए 114 पार्षदों का समर्थन जरूरी है।
- बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनी है।
- बीजेपी बहुमत से अभी 25 सीट पीछे है।
- शिंदे गुट की शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं।
- उद्धव ठाकरे गुट (UBT) को 65 सीटों पर जीत मिली है।
- कांग्रेस को 24 सीटें मिली हैं।
- AIMIM को 8 सीटें हासिल हुई हैं।
- MNS के खाते में 6 सीटें आई हैं।
उद्धव ठाकरे की नजर
गौरतलब है कि इस पूरी राजनीतिक हलचल पर उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना (UBT) की भी कड़ी नजर बनी हुई है। उन्हें भी हॉर्स ट्रेडिंग की संभावनाओं को लेकर चिंता सता रही है। वहीं, मौका मिलने पर उद्धव ठाकरे एकनाथ शिंदे पर निशाना साधने से नहीं चूकते। वह शिंदे को अपनी हार का जिम्मेदार मानते रहे हैं और पहले उन्हें ‘जयचंद’ तक कह चुके हैं।
Keywords: BMC Mayor Tussle, Shinde Kingmaker Role, BJP Majority Seats, Mumbai Civic Election Results

