कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं जो इंसान को सोचने पर मजबूर कर देती हैं। पहले भी एक ऐसी ही घटना सामने आई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। यूपी का निठारी कांड, जिसमें मासूम बच्चों की हत्या और उनके मांस को खाने जैसी खौफनाक बातें सामने आई थीं। ठीक उसी तरह का एक और मामला अब सामने आया है।
यह मामला पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के दिनहाटा इलाके का है, जहां इंसानी मांस खाने की सनक में एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। घटना दिनहाटा के कुर्सहाट गांव की है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग श्मशान भूमि के पास एक छोटी-सी झोपड़ी में रहता था। गांव में जिस दिन मेला लगा हुआ था, उसी दिन उसकी हत्या कर दी गई। बाद में उसकी लाश पास के एक तालाब में मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को फिरदौस आलम नाम के एक शख्स पर शक हुआ। जब पुलिस ने उसे पकड़ा, तो वह नशे की हालत में था।
नशे में उगला सच
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान फिरदौस नशे में ही था। इसी दौरान उसने कबूल किया कि उसी ने बुजुर्ग के गले पर हथियार से हमला कर उसकी हत्या की थी और लाश को तालाब के पास छिपा दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने शव को अच्छी तरह साफ किया था और उसे पकाकर खाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया फिरदौस
इस खौफनाक खुलासे के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। जांच के बाद आरोपी फिरदौस को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या उसने पहले भी ऐसी कोई घटना को अंजाम दिया है और क्या वह किसी मानसिक बीमारी से पीड़ित है।
Keywords: West Bengal Murder Case, Cannibalism Crime In India, Cooch Behar Shocking Incident

