भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके साथ खतरे भी सामने आ रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्वीटर) के AI चैटबॉट ‘Grok’ पर सवाल उठे, जब पता चला कि लोग इसके जरिए अश्लील, आपत्तिजनक और बिना सहमति के बनाए गए कंटेंट शेयर कर रहे हैं। सरकारी सूत्रों ने बताया, इसमें खासतौर पर महिलाओं को निशाना बनाया गया, और कुछ मामलों में नाबालिगों को लेकर भी चिंता जताई गई। ये मामला सिर्फ ऑनलाइन अश्लीलता तक नहीं रुका, इसमें महिलाओं की गरिमा, डिजिटल सिक्योरिटी और बच्चों की सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दे भी जुड़ गए।
MeitY की सख्ती और नोटिस
मामला गंभीर था, तो इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने जनवरी की शुरुआत में X को सीधा नोटिस भेजा। उन्होंने साफ कहा, आपत्तिजनक कंटेंट तुरंत हटाओ, Grok के तकनीकी सिस्टम का ऑडिट कराओ और तय वक्त में सरकार को अपनी रिपोर्ट दो। मंत्रालय ने ये भी साफ कर दिया कि अगर X ने सहयोग नहीं किया, तो उसे आईटी एक्ट, 2000 के तहत मिलने वाली “सेफ हार्बर” सुरक्षा छीन भी सकते हैं। ये सीधी चेतावनी थी, AI के नाम पर कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
X ने गलती मानी, हजारों पोस्ट हटाए
सरकार के दबाव और जांच के बाद X को अपनी गलती माननी पड़ी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब भारतीय कानूनों का पूरी तरह पालन करेंगे। X ने करीब 3,500 पोस्ट ब्लॉक किए और 600 से ज्यादा अकाउंट्स हमेशा के लिए डिलीट कर दिए। साथ ही, Grok में नए सेफ्टी फीचर्स और तकनीकी गार्डरेल्स जोड़ दिए, ताकि आगे से ऐसा कंटेंट न बन सके, न फैल सके। अधिकारियों का कहना है, ये कदम भले देर से आए, लेकिन जरूरी थे।
The social media platform 'X' has admitted its mistake and stated that it will comply with Indian law. Around 3,500 pieces of content were blocked, and over 600 accounts were deleted. Going forward, X will not allow obscene imagery: Government Sources
— ANI (@ANI) January 11, 2026
AI की जवाबदेही पर बढ़ी सख्ती
ये पूरा मसला भारत में AI और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही को लेकर चल रही बहस का हिस्सा है। सरकार अब बिल्कुल साफ कर रही है कि टेक्नोलॉजी इनोवेशन का मतलब ये नहीं कि जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया जाए। आने वाले वक्त में AI से जुड़े नियम, कंटेंट मॉडरेशन और यूजर सेफ्टी पर और सख्त फैसले देखे जा सकते हैं। जानकार मानते हैं, X के खिलाफ हुई कार्रवाई बाकी प्लेटफॉर्म्स के लिए भी कड़ा संदेश है, भारत में डिजिटल स्पेस अब मनमानी से नहीं चलेगा।
Keywords: AI Generated Content, X Platform India, Grok Chatbot, MeitY Notice, IT Act Section 79, AI Regulation India, Obscene Content Online

