मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओआक्साका में एक भीषण रेल हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 98 लोग घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया। हादसे के वक्त ट्रेन मेक्सिको के प्रशांत महासागर तट से खाड़ी तट की ओर जाने वाले रूट पर चल रही थी। ट्रेन में कुल 241 यात्री और रेलवे से जुड़े 9 कर्मचारी सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर सेना के जवान, डॉक्टरों की टीम और सिविल प्रोटेक्शन की टीमें पहुंचीं। हादसे के बाद 36 घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पांच यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
तेज मोड़ पर हुआ हादसा
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हादसा निजांडा शहर के पास एक तीखे मोड़ पर उस वक्त हुआ, जब ट्रेन तेज रफ्तार में गुजर रही थी। इसी दौरान ट्रेन का इंजन पटरी से उतर गया और कई यात्री कोच पलट गए। जिस स्थान पर हादसा हुआ, वह इलाका एक गहरी खाई (रैवीन) की ओर मुड़ा हुआ है।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम का बयान
राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने कहा, “नौसेना सचिवालय से मिली जानकारी के अनुसार इंटरओशैनिक ट्रेन हादसे में दुर्भाग्यवश 13 लोगों की मौत हुई है और 98 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज माटियास रोमेरो और सालिना क्रूज़ के आईएमएसएस अस्पतालों के साथ-साथ जुचिटान और इक्स्टेपेक स्थित आईएमएसएस-बीएनेस्टार अस्पतालों में किया जा रहा है।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने नौसेना सचिव और गृह मंत्रालय के मानवाधिकार उप-सचिव को मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों की व्यक्तिगत रूप से सहायता करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आईएमएसएस और आईएमएसएस-बीएनेस्टार के प्रतिनिधि भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि गृह सचिवालय राहत और समन्वय कार्यों की निगरानी कर रहा है। उन्होंने ओआक्साका के राज्यपाल और उनकी टीम के सहयोग के लिए आभार जताया और कहा कि आगे की जानकारी लगातार साझा की जाती रहेगी।
Keywords: Mexico Train Accident, Mexico Pacific To Gulf Train Route Accident, Train Accident Latest Update Mexico

