उत्तर महाराष्ट्र में शिवसेना की लहर लगातार मजबूत होती दिखाई दे रही है। शिवसेना के युवा चेहरे श्रीकांत शिंदे की जनसभाओं में बड़ी संख्या में ‘लाड़ली बहनों’ और युवाओं की उपस्थिति दर्ज हो रही है। डॉ. शिंदे ने आज उत्तर महाराष्ट्र से चुनावी प्रचार की शुरुआत की। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि महायुति सरकार ने महिलाओं और युवाओं को सशक्त बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जिसकी वजह से आज महाराष्ट्र की लाड़ली बहनें आत्मनिर्भर बन रही हैं।
उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के कई नेता ‘लाड़ली बहना योजना’ के खिलाफ थे, लेकिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी के नेतृत्व में यह योजना लागू की गई और यह किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं होने वाली है। विपक्ष सिर्फ भ्रम फैलाने में लगा है और इसका जवाब लाड़ली बहनें अपने वोट से देंगी। श्रीकांत शिंदे ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना महाराष्ट्र के हर कोने तक पहुंची है। शिंदे रोज़ 8 सभाएँ लेकर कार्यकर्ताओं को ताकत दे रहे हैं। नगर विकास विभाग उनके पास है, जिसकी वजह से महाराष्ट्र के पिछड़े गांवों को रिकॉर्ड स्तर पर निधि दी गई और मजबूत ग्रामविकास का मार्ग तैयार हुआ है।
उबठा और विपक्ष पर तीखा प्रहार
श्रीकांत शिंदे ने उबठा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ लोग सिर्फ आलोचना करने में माहिर हैं, लेकिन जनता के लिए कभी कोई ठोस काम नहीं किया। इसी कारण आज हर तरफ महायुति के उम्मीदवार दिखाई दे रहे हैं। विपक्ष की हालत क्या है, यह जनता भली-भांति जानती है।
मराठी स्कूल बंद होने की खबरों पर बड़ा बयान
सभा के दौरान शिक्षा मंत्री दादा भुसे भी मौजूद थे। पत्रकारों ने उनसे पूछा कि महाराष्ट्र में मराठी स्कूलों को बंद करने की खबरें आ रही हैं। इस पर दादा भुसे ने स्पष्ट कहा कि महाराष्ट्र में एक भी मराठी स्कूल बंद नहीं होगी। यह सिर्फ अफवाह है। डॉ. श्रीकांत शिंदे ने जनता से अपील की कि वे शिवसेना के उम्मीदवार को बड़ी संख्या में जिताएँ। शिवसेना विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है, ऐसे में शिवसेना और महायुति के उम्मीदवारों को भारी संख्या में वोट करें। विपक्ष सिर्फ आलोचना कर सकता है, उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। ऐसे लोगों से दूरी बनाए रखें।
Keywords: Maharashtra Election News, Shiv Sena, Eknath Shinde, Shrikant Shinde

