दिल्ली में रहने वाले लोग जहां पहले से ही सर्दियों में प्रदूषण की मार झेल रहे थे, वहीं अब हालात और भी खराब होते नजर आ रहे हैं। आलम यह है कि AQI लगातार बेहद खराब स्तर पर बना हुआ है। दिल्ली के आसमान में प्रदूषण की काली छाया फैली हुई है और धुएं की मोटी चादर से शहर घिरता दिखाई दे रहा है। इसका असर दिल्ली में रहने वाले लोगों की सेहत पर पड़ता नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन की शिकायत हो रही है।
दिल्ली ही नहीं, बल्कि भारत के कई राज्यों में अचानक से प्रदूषण बढ़ता दिखाई दे रहा है। इसकी वजह इथियोपिया का हायली गुब्बी ज्वालामुखी है, जो लगभग 12,000 साल बाद फटा है। इस विस्फोट के कारण आसमान में राख का विशाल गुबार 10 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गया, जो अब दूसरे देशों के साथ भारत में भी दस्तक दे रहा है।
हायली गुब्बी ज्वालामुखी
दरअसल, 23 नवंबर 2025 को इथियोपिया के उत्तरी हिस्से में स्थित हायली गुब्बी (Hayli Gubbi) ज्वालामुखी 10,000 साल बाद फटा। इस विस्फोट से ज्वालामुखी की राख 45,000 फीट यानी लगभग 10 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई तक पहुंच गई। तेज हवाओं के साथ यह राख भारत की राजधानी दिल्ली तक पहुंच गई। इसका असर दिल्ली के अलावा गुजरात, दिल्ली-NCR, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भी नजर आ रहा है।
IMD ने दी जानकारी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि हवा की गति तेज है, जिसके कारण ज्वालामुखी का धुआं भारत से छंटकर आगे बढ़ जाएगा। इस मुसीबत के बीच एक राहत की बात यह है कि ज्वालामुखी की राख की ऊंचाई काफी ज्यादा है, इसलिए इसका असर आम लोगों की सेहत पर कम पड़ेगा। इसके साथ ही राख 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्व दिशा में बढ़ रही है।
वहीं, इसका असर हवाई यात्रा पर पड़ा है, जिसके कारण कई विमानों को रद्द करना पड़ा है। देश की अधिकांश एयरलाइंस इस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उनका कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।
Keywords: Hayli Gubbi Volcano, Ethiopia Volcano Eruption, Delhi Air Pollution, Toxic Air Delhi

