सऊदी अरब से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। एक सड़क हादसे में करीब 42 भारतीय यात्रियों की मौत हो गई है। हादसा उस समय हुआ, जब बस में सवार यात्री मक्का से मदीना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस की एक डीज़ल टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे बस में आग लग गई और 42 लोगों की जान चली गई। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक हादसा मुफरिहत नामक जगह पर हुआ। टक्कर के तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू कर दी।
हादसे के वक्त सो रहे थे यात्री
मीडिया इनपुट्स के अनुसार, हादसा भारतीय समयानुसार करीब 1:30 बजे हुआ। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। मृतक यात्रियों में कई हैदराबाद के बताए जा रहे हैं। बस में महिलाएं, बच्चे और पुरुष सवार थे। फिलहाल मौत के आंकड़ों पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग से कई शव बुरी तरह झुलस गए, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। उनसे जुड़ी जानकारियां एकत्र की जा रही हैं। हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है और एक हेल्पलाइन नंबर 8002440003 जारी किया गया है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने जताया दुख
हादसे पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गहरा दुख जताते हुए अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर लिखा, “मदीना, सऊदी अरब में भारतीय नागरिकों से जुड़ी दुर्घटना की खबर से मैं गहरा दुखी हूँ। रियाद में हमारा दूतावास और जेद्दाह में वाणिज्य दूतावास इस दुर्घटना से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।”
पहले भी हो चुके हैं बड़े हादसे
गौरतलब है कि इससे पहले भी ऐसा बड़ा हादसा हो चुका है। वर्ष 2023 में इसी तरह की एक दुर्घटना में 20 लोगों की मौत हो गई थी। बता दें कि सऊदी अरब में मक्का और मदीना धार्मिक स्थल हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
Keywords: Indian Victims Saudi Arabia Bus Crash, Makkah Bus Accident, Saudi Arabia Umrah Bus Accident
