दिल्ली में लाल किले के पास हुए धमाके ने देश को हिला कर रख दिया है। अब इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आधिकारिक रूप से अपने हाथों में ले ली है। एजेंसी अंतरराष्ट्रीय फंडिंग, विदेशी लिंक और आतंकी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। इस बीच US ने भी बयान दिया है।
भारत पेशेवर तरीके से जांच कर रहा- US
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस धमाके को स्पष्ट रूप से एक आतंकी हमला करार दिया है। कनाडा के नियाग्रा फॉल्स में आयोजित G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान पत्रकारों से बातचीत में रुबियो ने कहा यह घटना एक आतंकवादी हमला है। भारत के अधिकारी बेहद कुशल हैं और जांच बेहद पेशेवर तरीके से की जा रही है। भारत को किसी विदेशी मदद की आवश्यकता नहीं है, हालांकि अमेरिका ने औपचारिक रूप से मदद की पेशकश की है।
जयशंकर और रुबियो की मुलाकात
भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और मार्को रुबियो के बीच हुई द्विपक्षीय बैठक में दिल्ली धमाके पर विस्तार से चर्चा हुई। रुबियो ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और भारत-अमेरिका के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग को और मज़बूत करने का भरोसा दिया।
सफेदपोश आतंकी नेटवर्क का खुलासा
जांच एजेंसियों ने इस मामले में एक सफेदपोश आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क के तार पाकिस्तान स्थित संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े हैं। 19 अक्टूबर से 10 नवंबर के बीच कई राज्यों में हुई छापेमारियों में 2,900 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। जांच में कुछ डॉक्टरों, मौलवियों और तकनीकी विशेषज्ञों को हिरासत में लिया गया है, जो इस मॉड्यूल के संपर्क में थे।
PM की अध्यक्षता में कैबिनेट की आपात बैठक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आपात कैबिनेट बैठक में धमाके को राष्ट्र-विरोधी ताकतों की जघन्य आतंकी साजिश बताया गया। कैबिनेट ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया कि इस हमले में शामिल हर व्यक्ति और उनके प्रायोजकों को न्याय के दायरे में लाया जाएगा।
NIA की जांच- अंतरराष्ट्रीय फंडिंग पर नजर
NIA की शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि धमाके में इस्तेमाल विस्फोटक और फंडिंग दोनों विदेश से प्राप्त किए गए थे। एजेंसी अब इस फंडिंग चैनल, तकनीकी सहायता और अंतरराष्ट्रीय आतंकी नेटवर्क पर फोकस कर रही है।
Keywords: Delhi Blast 2025, Delhi Red Fort Explosion, NIA Investigation, Marco Rubio Statement On Delhi Blast, US Reaction To Delhi Terror Attack

