अभिषेक बच्चन के निजी मेकअप आर्टिस्ट अशोक सावंत का 9 नवंबर को निधन हो गया। अभिनेता ने उन्हें भावुक शब्दों में याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक लंबा पोस्ट साझा किया, जिसमें उनके साथ बिताए 27 साल के रिश्ते और जुड़ी यादों को साझा किया। अभिषेक बच्चन के लिए अशोक सावंत केवल मेकअप आर्टिस्ट नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य की तरह थे। दोनों का साथ फिल्म Refugee से शुरू हुआ था और तब से लेकर अब तक करीब 27 साल तक यह रिश्ता बना रहा। अशोक के बड़े भाई दीपक सावंत पिछले लगभग 50 वर्षों से अमिताभ बच्चन के मेकअप आर्टिस्ट हैं।
अभिषेक की भावनात्मक श्रद्धांजलि
अपने पोस्ट में अभिषेक ने लिखा, “अशोक दादा और मैं 27 साल से साथ काम कर रहे थे। उन्होंने मेरी पहली फिल्म से मेरा मेकअप किया था। वह मेरी टीम का हिस्सा ही नहीं, मेरे परिवार का हिस्सा थे। बीते कुछ सालों से अशोक दादा की तबीयत ठीक नहीं रहती थी, लेकिन इसके बावजूद वह हमेशा उनके शूट की चिंता करते रहते थे। वह सबसे प्यारे, शांत और स्नेही व्यक्ति थे। हमेशा मुस्कान के साथ मिलते और अपने बैग में कुछ न कुछ नमकीन या भाकरवड़ी जरूर रखते।”
“हर फिल्म की शुरुआत में सबसे पहले उनका आशीर्वाद लेता था”
अपने इमोशनल पोस्ट में अभिषेक ने लिखा कि “अशोक दादा उनके लिए सिर्फ मेकअप करने वाले नहीं थे, बल्कि हर फिल्म की शुरुआत में वह सबसे पहले उनके पैर छूकर आशीर्वाद लेते थे। अब जब भी नई फिल्म शुरू करूंगा, उनके आशीर्वाद के लिए आसमान की ओर देखूंगा। दादा, आपकी मुस्कान, आपकी देखभाल और आपका प्यार हमेशा याद रहेगा।” अभिषेक ने आगे लिखा कि उनके बिना सेट पर जाना बहुत मुश्किल होगा। उन्होंने पोस्ट के अंत में लिखा, “मैं प्रार्थना करता हूं कि आपको शांति मिले। फिर किसी दिन जब हम मिलेंगे, तो आपकी वही गर्मजोशी भरी झप्पी जरूर मिलेगी।” इस पोस्ट के साथ अभिषेक ने दो तस्वीरें साझा कीं, एक अपनी हालिया फिल्म कालिधर की और दूसरी अपने शुरुआती दिनों की।
फिल्मी जगत ने जताया शोक
अशोक सावंत के निधन की खबर के बाद बॉलीवुड के कई सितारों ने दुख जताया। जैकी श्रॉफ ने लिखा, “ओम शांति। बहुत ही विनम्र आत्मा थे।” अभिनेता बोमन ईरानी ने उन्हें याद करते हुए लिखा, “हमेशा स्नेही और सुरक्षात्मक। उनकी बहुत याद आएगी।” वहीं रणवीर सिंह, वरुण धवन, रेमो डिसूजा, नव्या नंदा और तारा शर्मा समेत कई सेलेब्स ने भी अभिषेक के पोस्ट पर श्रद्धांजलि दी।
फिलहाल अभिषेक बच्चन को उनकी फिल्म कालिधर लापता में देखा गया था। अब वे सिद्धार्थ आनंद की फिल्म किंग में नजर आएंगे, जिसमें शाहरुख खान और सुहाना खान भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
Keywords: Ashok Sawant, Bollywood News, Abhishek Makeup Artist Death, Kaalidhar Laapata

