असम की राजनीति में शुक्रवार को हलचल मच गई जब मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाए। शर्मा ने गुवाहाटी में कहा कि गोगोई को विदेशी ताकतों ने भारत में स्थापित किया है और वे “100 प्रतिशत पाकिस्तानी एजेंट” हैं। उनके इस बयान के बाद असम की सियासत में बड़ी बहस शुरू हो गई। इससे पहले भी बीजेपी और खुद हिमंत शर्मा गोगोई पर पाकिस्तान से पारिवारिक रिश्तों के जरिए जुड़ाव का आरोप लगा चुके हैं। अब शर्मा ने दावा किया है कि वे इस बार अपने आरोपों के प्रत्यक्ष सबूत पेश करेंगे।
विदेशी ताकतों से जोड़ने का दावा
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि गौरव गोगोई को विदेशी ताकतों ने भारत की राजनीति में “स्थापित” किया है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि असम के लोगों को यह जानने का अधिकार है कि उनके सांसद के संबंध किन देशों से हैं। यह बयान ऐसे समय आया है जब असम में कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव चरम पर है। शर्मा ने संकेत दिया कि यह मामला सिर्फ राजनीति नहीं, बल्कि “राष्ट्रीय सुरक्षा” से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि वे जल्द ही इस संबंध में सबूत पेश करेंगे, लेकिन फिलहाल जुबिन गर्ग की मौत की जांच पूरी होने तक इस विषय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं करेंगे।
गौरव गोगोई का पलटवार
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि ये आरोप “सी-ग्रेड बॉलीवुड फिल्म की कहानी” जैसी हैं, जिन्हें असम की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। गोगोई के अनुसार, यह सब असम की असली समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि उनकी निजी जिंदगी और पारिवारिक रिश्तों को राजनीति में घसीटना गलत है और इससे राज्य की सियासत गलत दिशा में जा रही है। गोगोई ने भरोसा जताया कि असम की जनता अब ऐसे “झूठे और बेबुनियाद आरोपों” पर विश्वास नहीं करेगी।
गौरव गोगोई के बारे में जानें?
गौरव गोगोई असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के बेटे हैं और फिलहाल जोरहाट लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। उन्होंने ब्रिटेन में जन्मी सामाजिक कार्यकर्ता एलिजाबेथ कॉलबर्न से विवाह किया है, जो पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों पर काम करती हैं। इसी अंतरराष्ट्रीय पृष्ठभूमि के चलते बीजेपी उनके विदेशी संबंधों पर सवाल उठाती रही है। अब यह मामला केवल राजनीतिक आरोपों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि असम की राजनीति में बड़ा विवाद बन गया है। सभी की नजर अब मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर है कि वे कब और किस तरह के सबूत पेश करते हैं और क्या उनके दावे असम की राजनीति की दिशा बदल देंगे या फिर यह विवाद सिर्फ एक और राजनीतिक तूफान बनकर रह जाएगा।
Keywords: Himanta Biswa Sarma, Gaurav Gogoi, Assam Politics, Pakistani Agent Allegation, Congress Vs BJP

