बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत आज भी एक ऐसा रहस्य है, जिसने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया था। 14 जून 2020 को जब सुशांत अपने मुंबई स्थित फ्लैट में मृत पाए गए, तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि इतना खुशमिजाज, बुद्धिमान और टैलेंटेड एक्टर इस तरह दुनिया को अलविदा कह सकता है। उनके फैंस से लेकर परिवार तक सभी के मन में आज भी यह सवाल है कि आखिर सुशांत की मौत के पीछे असली वजह क्या थी? इस बीच, उनकी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने हालिया इंटरव्यू में एक बड़ा दावा किया है, जिसने सबका ध्यान फिर से इस मामले की ओर खींच लिया है।
बहन ने किया खुलासा
श्वेता सिंह कीर्ति हाल ही में ही एक इंटरव्यू में कुछ ऐसे खुलासे किए जिसे सुन हर कोई हैरान है। इस बातचीत के दौरान उन्होंने पहली बार खुलकर उन बातों पर चर्चा की, जिन्हें अब तक उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से नहीं कहा था। श्वेता ने बताया कि सुशांत की मौत से कुछ समय पहले उनके परिवार को एक चेतावनी भरा फोन कॉल आया था। फोन पर बताया गया कि मार्च 2020 के बाद सुशांत जिंदा नहीं रहेंगे, क्योंकि उन पर काला जादू किया गया है। श्वेता ने कहा, “हमें यह बात बेहद अजीब लगी थी। हम एक पढ़े-लिखे और वैज्ञानिक सोच वाले परिवार से हैं, इसलिए हमने इस तरह की बातों पर विश्वास नहीं किया। हमें लगा कि कोई बेबुनियाद बातें फैला रहा है। लेकिन जब बाद में कई अजीब घटनाएं होने लगीं, तो मैंने खुद हर चीज़ पर सवाल उठाना शुरू कर दिया।”
उन्होंने आगे बताया कि एक तांत्रिक ने भी परिवार को चेतावनी दी थी कि सुशांत की ज़िंदगी में किसी व्यक्ति को जानबूझकर प्लांट किया गया था, ताकि उसे मानसिक और भावनात्मक रूप से तोड़ा जा सके। श्वेता ने कहा कि तांत्रिक ने यह भी बताया था कि यह सब सुशांत की सफलता को रोकने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि वह बहुत तेजी से आगे बढ़ रहे थे और कुछ लोग यह सहन नहीं कर पा रहे थे।
श्वेता ने आगे कहा कि शुरू में उन्होंने और उनके परिवार ने इस तरह की बातों को सिर्फ अंधविश्वास समझकर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन जब सुशांत के बर्ताव और मानसिक स्थिति में बदलाव आने लगे, तो उन्हें एहसास हुआ कि शायद इन बातों में कुछ सच्चाई हो सकती है।उन्होंने कहा,“मुझे याद है, उस समय भाई बहुत अलग लगने लगे थे। कभी-कभी उनकी आंखों में एक अजीब सी बेचैनी दिखती थी। मैं अब सोचती हूं कि शायद उस वक्त वह बहुत कुछ झेल रहे थे, जिसे हम समझ ही नहीं पाए,”।
श्वेता का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई फैंस का कहना है कि यह खुलासा सुशांत की मौत से जुड़ी नए कोण की ओर इशारा करता है। वहीं, कुछ लोग इसे केवल अंधविश्वास मानकर खारिज भी कर रहे हैं। भले ही समय बीत गया हो, लेकिन सुशांत सिंह राजपूत की मौत अब भी लोगों के ज़ेहन से नहीं निकली है। उनकी बहन श्वेता आज भी भाई की याद में सोशल मीडिया पर भावनात्मक पोस्ट शेयर करती रहती हैं और ‘Justice for Sushant’ की मुहिम को जिंदा रखे हुए हैं।
उनके इस नए इंटरव्यू ने एक बार फिर सुशांत की मौत के रहस्य को गहरा बना दिया है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वाकई उनके साथ कुछ अलौकिक हुआ था? सच्चाई जो भी हो, उनके परिवार की यही मांग है कि एक दिन पूरा सच सामने आए और सुशांत को न्याय मिले।
Keywords: Sushant Singh Rajput, Shweta Singh Kirti, Black Magic Claim, Mysterious Death

